menu-icon
India Daily

सेंसेक्स 500 अंक उछला, निफ्टी 24,400 के पार; जानें बाजार में तेजी के 4 बड़े फैक्टर

बैंकिंग और मेटल शेयरों में तेजी के दम पर 6 जुलाई को भारतीय शेयर बाजार उछल गया. सेंसेक्स 500 से अधिक अंक चढ़ा, जबकि निफ्टी 24,400 के पार पहुंच गया. विदेशी निवेशकों की लगातार खरीदारी ने बाजार को मजबूत सहारा दिया.

Kuldeep Sharma
Edited By: Kuldeep Sharma
सेंसेक्स 500 अंक उछला, निफ्टी 24,400 के पार; जानें बाजार में तेजी के 4 बड़े फैक्टर
Courtesy: ai generated

मुंबई: भारतीय शेयर बाजार के लिए आज की शुरुआत शानदार रही. मजबूत बैंकिंग नतीजों और विदेशी निवेशकों के भरोसे के दम पर सेंसेक्स में 500 से ज्यादा अंकों की बढ़त देखी गई, वहीं निफ्टी ने भी 24,400 का स्तर पार कर लिया. दोपहर करीब 12:21 बजे सेंसेक्स 564 अंक मजबूत होकर 78,328 पर और निफ्टी 168 अंक चढ़कर 24,439 पर कारोबार कर रहा था.

बाजार में आई तेजी के 4 फैक्टर

1. प्राइवेट बैंकों के बेहतरीन बिजनेस अपडेट- कमाई के मुख्य आंकड़े आने से पहले कई बड़े प्राइवेट बैंकों ने चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) के आंकड़े जारी किए हैं, जो काफी शानदार रहे. 

HDFC बैंक- लोन में 15.4% और डिपॉजिट में 14.7% की बढ़ोतरी दर्ज की गई.

एक्सिस बैंक- लोन ग्रोथ में 18.8% का उछाल आया.

कोटक महिंद्रा बैंक- इसके लोन में 15.1% की बढ़त हुई.

ब्रोकरेज फर्म 'जेफरीज' के मुताबिक, HDFC बैंक, इंडसइंड बैंक और बंधन बैंक के लोन आंकड़े उम्मीद से बेहतर रहे हैं, जबकि कोटक बैंक की रफ्तार थोड़ी धीमी रही. इन अच्छे नतीजों से बैंक निफ्टी इंडेक्स लगभग 0.65% ऊपर चढ़ गया.

2. विदेशी निवेशकों की लगातार खरीदारी- विदेशी संस्थागत निवेशकों ने पिछले शुक्रवार को भारतीय बाजार में 1,355 करोड़ के शेयर खरीदे. यह लगातार तीसरा मौका था जब विदेशी निवेशकों ने बाजार में जमकर पैसा लगाया. जानकारों का कहना है कि कच्चे तेल की घटती कीमतों और भारतीय बाजार में विदेशी फंड्स की एंट्री की उम्मीद से ग्लोबल इन्वेस्टर्स का भरोसा बढ़ा है.

3. बाजार का तकनीकी नजरिया- मार्केट एक्सपर्ट्स का मानना है कि जब तक निफ्टी 24,150 के स्तर से ऊपर बना हुआ है, तब तक बाजार में तेजी का रुख कायम रहेगा. अगर निफ्टी 24,400 के ऊपर टिक जाता है, तो यह आगे 24,600 तक जा सकता है. वहीं अगर यह 24,150 से नीचे गिरता है, तो बाजार में बिकवाली देखने को मिल सकती है.

4. मेटल शेयरों ने भरा दम- बैंकिंग के साथ-साथ मेटल सेक्टर के शेयरों ने भी बाजार को ऊपर ले जाने में बड़ी भूमिका निभाई. इस सेक्टर में वेल्सपन कॉर्प के शेयर 4% से ज्यादा उछल गए, जबकि एपीएल अपोलो ट्यूब्स और लॉयड मेटल्स के शेयरों में भी 1% से 2% तक की तेजी देखी गई.