Gold-Silver Price: मदर्स डे से पहले क्या सचमुच सस्ता हो गया सोना-चांदी? हो रही चर्चा, चेक करें ताजा रेट
बुधवार को सोना और चांदी की कीमतों में जबरदस्त तेजी देखने को मिली. एमसीएक्स पर सोना 3,000 रुपये से ज्यादा उछला, जबकि चांदी 11,000 रुपये प्रति किलो तक महंगी हो गई.
नई दिल्ली: बुधवार का कारोबारी दिन सोना और चांदी के बाजार के लिए बेहद हलचल भरा रहा. लोगों को लगा शायद दाम कम हुए हैं. लेकिन ऐसा नहीं है. सुबह से ही निवेशकों की नजर एमसीएक्स और सर्राफा बाजार पर टिकी रही, जहां दोनों कीमती धातुओं में अचानक तेज उछाल देखने को मिला. सोना कुछ ही घंटों में हजारों रुपये मजबूत हो गया, जबकि चांदी ने रिकॉर्ड तेजी के साथ बाजार में हलचल बढ़ा दी.
दिल्ली से लेकर मुंबई और चेन्नई तक सर्राफा बाजार में खरीदारी का माहौल गर्म रहा. अंतरराष्ट्रीय संकेतों और पश्चिम एशिया से जुड़ी खबरों के बाद निवेशकों ने सुरक्षित निवेश की तरफ तेजी से रुख किया. यही वजह रही कि सोना और चांदी दोनों के दामों में एक साथ बड़ी बढ़त दर्ज की गई.
एमसीएक्स पर दिनभर रही जबरदस्त हलचल
एमसीएक्स पर बुधवार को सोने और चांदी में जोरदार तेजी दिखाई दी. जून डिलीवरी वाला सोना प्रति 10 ग्राम 3,000 रुपये से ज्यादा उछल गया. रात 11 बजे सोना 2,281 रुपये की मजबूती के साथ 1,52,034 रुपये पर कारोबार करता दिखा. कारोबार के दौरान इसका उच्च स्तर 1,52,889 रुपये तक पहुंच गया. वहीं जुलाई डिलीवरी वाली चांदी ने भी निवेशकों को चौंकाया और इसमें 11,000 रुपये प्रति किलो तक की तेजी दर्ज हुई.
चांदी की चमक ने बढ़ाई बाजार की रौनक
चांदी की कीमतों में आई तेजी ने सर्राफा कारोबारियों का ध्यान सबसे ज्यादा खींचा. रात के कारोबार में चांदी 8,469 रुपये की बढ़त के साथ 2,52,785 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई. दिन में यह 2,55,409 रुपये तक निकल गई थी. लगातार बढ़ती कीमतों के बीच बाजार में खरीदारी और मुनाफावसूली दोनों का दौर देखने को मिला. कारोबारियों का कहना है कि वैश्विक संकेतों के कारण चांदी में निवेशकों की दिलचस्पी तेजी से बढ़ी है.
बड़े शहरों में सोने के भाव पहुंचे नए स्तर पर
देश के प्रमुख शहरों में भी सोने की कीमतों में मजबूत बढ़त दर्ज की गई. दिल्ली, जयपुर और लखनऊ में 24 कैरेट सोना 1,52,280 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया. मुंबई और कोलकाता में इसका भाव 1,52,130 रुपये रहा. चेन्नई में कीमत सबसे ज्यादा 1,53,820 रुपये दर्ज की गई. वहीं 22 कैरेट और 18 कैरेट सोने के रेट में भी अच्छी बढ़त देखने को मिली, जिससे खुदरा बाजार में ग्राहकों की चिंता बढ़ गई.
सर्राफा बाजार में भी तेजी का असर
राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में भी सोना और चांदी दोनों महंगे हुए. 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 2,900 रुपये चढ़कर 1,55,400 रुपये प्रति 10 ग्राम पहुंच गया. चांदी की कीमत भी लगातार तीसरे कारोबारी सत्र में बढ़ी और यह 2,54,500 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई. अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार पश्चिम एशिया में तनाव कम होने और तेल बाजार में नरमी आने से कीमती धातुओं की मांग में इजाफा हुआ है.
वैश्विक संकेतों ने बढ़ाई निवेशकों की दिलचस्पी
कारोबारियों के मुताबिक अमेरिका और ईरान के बीच लंबे समय से चल रहे तनाव को खत्म करने की दिशा में समझौते की खबरों ने बाजार का माहौल बदल दिया. इससे ऊर्जा बाजार से जुड़ी महंगाई की चिंताएं कुछ कम हुईं और निवेशकों ने सोना-चांदी में खरीदारी बढ़ा दी. वैश्विक बाजार में हाजिर सोना 4,663.70 डॉलर प्रति औंस और चांदी 76.24 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच गई, जिसका असर भारतीय बाजार पर भी साफ दिखाई दिया.