Gold-Silver Price: देर रात बाजार में मचा हाहाकार, सोना-चांदी धड़ाम; जानें अब कहां पहुंची कीमत

अमेरिकी फेडरल रिजर्व के चेयरमैन केविन वॉर्श के महंगाई पर सख्त रुख के बाद सोने-चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट आई. ग्लोबल बाजार में सोना 3.5 फीसदी और चांदी 4.5 फीसदी तक टूट गई.

Pinterest
Reepu Kumari

नई दिल्ली: अमेरिकी फेडरल रिजर्व के चेयरमैन केविन वॉर्श के महंगाई पर सख्त रुख वाले बयान के बाद ग्लोबल कमोडिटी मार्केट में सोने और चांदी की कीमतों में तेज गिरावट देखने को मिली. ग्लोबल मार्केट में सोना 3.5 फीसदी तक फिसला, जबकि चांदी में 4.5 फीसदी तक की गिरावट आई. भारतीय करेंसी के हिसाब से भी दोनों धातुओं की कीमतों में बड़ी कमी दर्ज हुई. वहीं, देश के प्रमुख शहरों में सोने के अलग अलग कैरेट के भाव भी सामने आए हैं.

एक बयान और बदल गया बाजार का रुख

सोने चांदी में निवेश करने वालों के लिए बाजार से बड़ी हलचल वाली खबर सामने आई है. अमेरिकी फेडरल रिजर्व के चेयरमैन केविन वॉर्श की हॉकिश स्पीच के बाद कीमती धातुओं पर दबाव बढ़ गया. मई में चेयरमैन का पद संभालने के बाद अपने पहले भाषण में वॉर्श ने महंगाई को लेकर सख्त रुख अपनाया.

उनके बयान के बाद बाजार में ब्याज दरों को लेकर उम्मीदें बदलीं. इसका असर डॉलर इंडेक्स पर पड़ा और डॉलर मजबूत हुआ. डॉलर में तेजी के साथ ग्लोबल मार्केट में सोने और चांदी की कीमतों में तेज गिरावट देखने को मिली.


सोने की कीमत में आई बड़ी गिरावट

ग्लोबल मार्केट में सोना 3.5 फीसदी तक टूट गया. कोमेक्स पर गोल्ड की कीमत 161 डॉलर गिरकर 4502 डॉलर प्रति औंस रह गई. भारतीय करेंसी के हिसाब से इसमें करीब 4941 रुपये की गिरावट बताई गई, जिसके बाद कीमत लगभग 1.38 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गई.

स्पॉट गोल्ड में भी कमजोरी दिखाई दी. इसकी कीमत करीब 3 फीसदी गिरकर 4453 डॉलर प्रति औंस रही. भारतीय करेंसी के हिसाब से यह लगभग 1.36 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर पहुंच गया.

चांदी में भी जोरदार बिकवाली

चांदी की कीमतों पर भी दबाव कम नहीं रहा. ग्लोबल मार्केट में चांदी करीब 4.5 फीसदी तक गिर गई. इसकी कीमत 3.12 डॉलर टूटकर 66.31 डॉलर प्रति औंस रह गई. भारतीय करेंसी में देखें तो चांदी करीब 9576 रुपये प्रति किलोग्राम सस्ती हुई और भाव लगभग 2.03 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गया. स्पॉट मार्केट में भी चांदी करीब 3.5 फीसदी नीचे रही. इसकी कीमत 66.18 डॉलर प्रति औंस बताई गई, जो भारतीय करेंसी के हिसाब से लगभग 2.03 लाख रुपये प्रति किलोग्राम के बराबर है.

अमेरिकी फेड चेयरमैन ने क्या कहा?

केविन वॉर्श ने अपने भाषण में महंगाई को लेकर स्पष्ट रुख रखा. उन्होंने कहा कि महंगाई को किसी भी स्थिति में 2 फीसदी के तय लक्ष्य तक वापस लाना उनकी प्राथमिकता है. उनके इस सख्त रुख से बाजार में ब्याज दरों को लेकर अटकलें तेज हुईं.

निवेशकों ने इस बयान को सोने के लिए नकारात्मक संकेत के तौर पर लिया. आम तौर पर ब्याज दरों और डॉलर की मजबूती का असर बिना ब्याज वाले सोने जैसे निवेश पर पड़ता है. इसी वजह से बयान के बाद कीमती धातुओं में तेज बिकवाली देखने को मिली.

भारत के बड़े शहरों में सोने के भाव

भारत में 1 ग्राम सोने की कीमत शहर और शुद्धता के हिसाब से अलग है. चेन्नई में 24 कैरेट सोना ₹16,147, 22 कैरेट ₹14,801 और 18 कैरेट ₹12,571 प्रति ग्राम है.

दिल्ली में 24 कैरेट का भाव ₹16,129, 22 कैरेट ₹14,786 और 18 कैरेट ₹12,101 प्रति ग्राम है. मुंबई, कोलकाता, बेंगलुरु, हैदराबाद, केरल और पुणे में 24 कैरेट ₹16,114, 22 कैरेट ₹14,771 और 18 कैरेट ₹12,086 प्रति ग्राम दर्ज किया गया है.

इन शहरों में भी अलग अलग है कीमत

वडोदरा में 24 कैरेट सोना ₹16,119, 22 कैरेट ₹14,776 और 18 कैरेट ₹12,091 प्रति ग्राम है. अहमदाबाद में भी 24 कैरेट ₹16,119 और 22 कैरेट ₹14,776 प्रति ग्राम है, जबकि 18 कैरेट का भाव ₹12,09 दर्ज किया गया है.

इस गिरावट के बीच निवेशकों की नजर अब अमेरिकी मौद्रिक नीति और डॉलर की दिशा पर रहेगी. प्लैटिनम और पैलेडियम में हालांकि मामूली तेजी दर्ज की गई. सोने चांदी की कीमतों में आगे भी उतार चढ़ाव देखने को मिल सकता है.