2026 में सोना 25% तक टूटा, 1980 के बाद सबसे बड़ी गिरावटों में से एक; जानें रिकवरी को लेकर क्या कहता है इतिहास?

2026 में सोने की कीमतों में 25 फीसदी की गिरावट दर्ज हुई है. ऐतिहासिक आंकड़े बताते हैं कि बड़ी गिरावटों के बावजूद सोने ने कई बार सालाना सकारात्मक रिटर्न दिया है. 

pinterest
Sagar Bhardwaj

अगर आपने इस साल सोना उसकी रिकॉर्ड ऊंचाई के आसपास खरीदा है, तो मौजूदा गिरावट आपकी चिंता बढ़ा सकती है. वहीं, जो निवेशक अभी सोना खरीदने की योजना बना रहे हैं, उनके मन में सवाल है कि क्या कीमतें और नीचे जा सकती हैं? इतिहास पर नजर डालें तो सोने की कीमतों में बड़ी गिरावट कोई नई बात नहीं है.  कई बार ऐसा हुआ है जब साल के दौरान सोना 10 से 15 फीसदी तक टूट गया, लेकिन साल के अंत में उसने सकारात्मक रिटर्न दिया. 

19 नवंबर को भी कमजोर रहा सोना

गुरुवार (19 नवंबर) को भी घरेलू बाजार में सोने की कीमतों पर दबाव देखने को मिला. 4 दिसंबर की डिलीवरी वाले गोल्ड फ्यूचर की शुरुआत 0.75 फीसदी की गिरावट के साथ 1,28,842 रुपये प्रति 10 ग्राम पर हुई. वहीं, MCX पर स्पॉट गोल्ड का भाव 1,30,921 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया. 

1980 के बाद सबसे बड़ी गिरावटों में शामिल

FundsIndia Research के विश्लेषण के मुताबिक, 31 अक्टूबर 2026 तक सोने की कीमतों में साल के दौरान अपने उच्चतम स्तर से करीब 25 फीसदी की गिरावट आ चुकी थी. 1980 से उपलब्ध ऐतिहासिक आंकड़ों में यह सबसे बड़ी गिरावटों में से एक है. रिपोर्ट के अनुसार, 1980 के बाद से सोने में साल के दौरान औसतन करीब 13 फीसदी की गिरावट देखने को मिली है. इसे इंट्रा-ईयर ड्रॉडाउन कहा जाता है. इसका मतलब है कि किसी साल में सोने की कीमत अपने उच्चतम स्तर से कितनी नीचे आई, भले ही साल का अंत किस भाव पर हुआ हो. 


पहले भी कई बार टूटा है सोना

ऐतिहासिक आंकड़ों के मुताबिक, साल 2020 में सोने की कीमतों में एक समय करीब 15 फीसदी की गिरावट आई थी. 2022 में भी ऐसी ही गिरावट देखने को मिली, जबकि 2023 में सोना करीब 10 फीसदी तक फिसला था. हालांकि, 2026 की 25 फीसदी की गिरावट काफी बड़ी है. उपलब्ध आंकड़ों में सबसे बड़ी गिरावट 1980 में दर्ज हुई थी, जब सोना अपने उच्चतम स्तर से करीब 40 फीसदी टूट गया था. इसके बाद 1981 में भी सोने की कीमतों में 25 फीसदी की गिरावट आई थी. 

बड़ी गिरावट के बाद भी कई बार दिया सकारात्मक रिटर्न

इस विश्लेषण का एक अहम पहलू यह है कि सोने में बड़ी गिरावट आने के बावजूद कई बार उसने सालाना आधार पर सकारात्मक रिटर्न दिया है. 1980 के बाद के आंकड़ों के मुताबिक, करीब 78 फीसदी मौकों पर सोने ने पूरे कैलेंडर वर्ष में सकारात्मक रिटर्न दिया. उदाहरण के लिए, 1980 में सोना साल के दौरान 40 फीसदी तक गिरा था, लेकिन साल का अंत करीब 4 फीसदी की बढ़त के साथ हुआ. इसी तरह 2008 में सोने में 20 फीसदी की गिरावट आई, लेकिन सालाना रिटर्न 28 फीसदी रहा.  2020 में भी सोना एक समय 15 फीसदी गिरा था, लेकिन साल का अंत 28 फीसदी के सकारात्मक रिटर्न के साथ हुआ. 

हर बार नहीं होती कीमतों में रिकवरी

हालांकि, सोने का इतिहास यह भी बताता है कि हर बड़ी गिरावट के बाद कीमतों में तेजी नहीं आती. 1981 में सोना 25 फीसदी गिरा और साल का अंत 22 फीसदी के नुकसान के साथ हुआ. वहीं, 2013 में सोने की कीमतों में 24 फीसदी की गिरावट आई और सालाना रिटर्न 18 फीसदी नकारात्मक रहा. FundsIndia के आंकड़ों के मुताबिक, 31 अक्टूबर 2026 तक सोने का सालाना रिटर्न करीब 5 फीसदी नकारात्मक था. यह पूरे साल का रिटर्न नहीं है, बल्कि उस तारीख तक का प्रदर्शन है. 

निवेशकों को क्या करना चाहिए?

सोने के पुराने आंकड़े बताते हैं कि साल के दौरान आई बड़ी गिरावट से यह तय नहीं होता कि पूरे साल में निवेश का प्रदर्शन कैसा रहेगा. लेकिन इसका मतलब यह भी नहीं है कि हर बार कीमतें तेजी से संभल जाएंगी. निवेशकों को सोने में निवेश करने से पहले अपना निवेश लक्ष्य, समयावधि और पोर्टफोलियो में सोने की मौजूदा हिस्सेदारी देखनी चाहिए. बड़ी गिरावट के बाद निवेश करने वालों को आगे भी उतार-चढ़ाव के लिए तैयार रहना चाहिए.