पीएम मोदी की अपील बेअसर! जमकर हो रही सोने की खरीदारी; जानें क्या है असली वजह
प्रधानमंत्री की सोना न खरीदने की अपील के बावजूद बाजार में गोल्ड और सिल्वर की खरीदारी बढ़ गई है. बढ़ती इम्पोर्ट ड्यूटी और भविष्य में कीमतें बढ़ने की आशंका के चलते लोग पैनिक और निवेश दोनों वजहों से खरीदारी कर रहे हैं. एक बड़ी वजह शादियों का सीजन भी है.
नई दिल्ली: पीएम मोदी ने विदेशी मुद्रा भंडार बचाने के लिए लोगों से एक साल तक सोना न खरीदने और ईंधन के खर्चों में कटौती करने की अपील की थी. ईंधन बचाने के लिए सरकारी स्तर पर प्रयास भी शुरू हो गए हैं, लेकिन सोने की बिक्री पर अंकुश लगता नजर नहीं आ रहा है. सोने की बिकवाली देखें तो ऐसा लगता है, जैसे पीएम मोदी की अपील का उलटा असर हुआ हो और लोग जमकर खरीदारी करने लगे हैं.
दरअसल फॉरेक्स रिज़र्व को बचाने के लिए पीएम मोदी ने लोगों से कुछ अपील की थी, जिसमें एक साल तक सोना न खरीदने की अपील भी शामिल थी. हालांकि पीएम मोदी की इस अपील का कुछ ख़ास असर होता नजर नहीं आ रहा है. लोगों में शादियों को लेकर सोना खरीदने की होड़ मची हुई है और ज्वेलरी शॉप पर अच्छी-खासी भीड़ भी नजर आ रही है.
तो पैनिक होकर लोग कर रहे हैं सोने-चांदी की खरीदारी?
जानकारों की मानें तो पीएम मोदी की अपील के बाद लोगों में कहीं न कहीं डर भी बैठा हुआ है और लोग पैनिक में सोना-चांदी खरीद रहे हैं. उत्तर भारत में जून से लेकर अगस्त मध्य तक शादियों का सीजन चलेगा और इन शादियों में सोने की डिमांड सबसे अधिक रहती है. लोग इस डर से भी सोने-चांदी के गहने खरीद रहे हैं कि कहीं आनेवाले दिनों में सरकार इसकी बिक्री ही न रोक दे.
ऑल इंडिया जेम एंड ज्वैलरी डोमेस्टिक काउंसिल के चेयरमैन राजेश रोकड़े का कहना है कि पीएम की अपील के बाद गहनों की बिक्री एवरेज डेली सेल के मुकाबले बढ़ गई है. ऑल इंडिया जेम एंड ज्वैलरी डोमेस्टिक काउंसिल इस मुद्दे पर चर्चा करने के लिए प्रधानमंत्री कार्यालय से मुलाकात का समय भी मांग रही है, जिससे स्थिति को लेकर स्पष्टता आ सके.
सोने-चांदी जैसी कीमती धातुओं पर इम्पोर्ट ड्यूटी बढ़ी
गौरतलब है कि पीएम मोदी की सोना न खरीदने की अपील के बाद केंद्र सरकार ने सोने-चांदी जैसी कीमती धातुओं पर इम्पोर्ट ड्यूटी को 6 फीसदी से बढ़ाकर 15 फीसदी कर दिया है. इस खबर के बाद MCX पर गोल्ड की कीमतों 11,000 रुपये की तेजी और सिल्वर की कीमतों में 22,000 रुपये की तेजी देखने को मिली है. कुछ लोगों का अनुमान है कि आनेवाले दिनों में सोने के भाव आसमान छू सकते हैं, जिसके कारण भी कई लोग लॉन्ग टाइम इन्वेस्टमेंट के नजरिये से भी खरीदारी कर रहे हैं.