Gold and Silver Prices: सस्ता हुआ सोना-चांदी, लेकिन क्या अभी खरीदना समझदारी होगी? जानें

सोने की कीमत जनवरी 2026 के 1.80 लाख रुपये से घटकर 21 नवंबर को करीब 1.27 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम रह गई है. वहीं चांदी 4.10 लाख रुपये से गिरकर 1.54 लाख रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई.

Pinterest
Km Jaya

सोने और चांदी की कीमतों में पिछले कुछ महीनों में बड़ी गिरावट देखने को मिली है. जनवरी 2026 में रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने के बाद दोनों कीमती धातुओं के भाव लगातार नीचे आए हैं. सोने की कीमत करीब 30 प्रतिशत और चांदी की कीमत लगभग 64 प्रतिशत तक गिर चुकी है. 

ऐसे में निवेशकों के मन में सवाल है कि क्या यह सोना-चांदी खरीदने का सही मौका है या अभी कीमतों में और गिरावट आ सकती है. विशेषज्ञों का मानना है कि फिलहाल जल्दबाजी करने के बजाय लंबी अवधि की रणनीति अपनाना बेहतर होगा.

जनवरी के मुकाबले काफी सस्ता हुआ सोना-चांदी

साल 2025 में सोने और चांदी ने निवेशकों को शानदार रिटर्न दिया था. जनवरी 2026 में सोने की कीमत करीब 1.80 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गई थी. वहीं चांदी का भाव भी 4.10 लाख रुपये प्रति किलो के स्तर पर था. हालांकि, इसके बाद दोनों धातुओं की कीमतों में गिरावट का सिलसिला शुरू हो गया.


21 नवंबर को सोने का भाव घटकर करीब 1.27 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया. वहीं चांदी की कीमत गिरकर 1.54 लाख रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई. इस गिरावट का असर उन निवेशकों पर सबसे ज्यादा पड़ा है, जिन्होंने ऊंचे भाव पर सोने और चांदी में पैसा लगाया था.

निवेशकों की पूंजी पर कितना पड़ा असर?

सोने और चांदी की कीमतों में आई गिरावट ने गोल्ड और सिल्वर एक्सचेंज ट्रेडेड फंड (ETF) में निवेश करने वालों को भी प्रभावित किया है. आंकड़ों के मुताबिक, जनवरी के आसपास सोने में लगाए गए एक लाख रुपये का मूल्य घटकर करीब 70 हजार रुपये रह गया है. वहीं चांदी में निवेश किए गए एक लाख रुपये की कीमत घटकर लगभग 36 हजार रुपये रह गई है.

हालांकि, कीमती धातुओं की कीमतों में इतनी बड़ी गिरावट पहली बार नहीं आई है. जनवरी 1980 से जून 1981 के बीच भी सोने की कीमतों में करीब 46 प्रतिशत तक गिरावट दर्ज की गई थी. इसी तरह 1980 में सोने और चांदी के भाव में भी बड़ी कमजोरी देखने को मिली थी.

ज्वेलर्स के प्रबंध निदेशक ने क्या बताया?

ज्वेलर्स के प्रबंध निदेशक आनंद प्रकाश के मुताबिक, मौजूदा गिरावट को केवल नुकसान के तौर पर नहीं देखना चाहिए. यह बाजार में तेजी के बाद आया सुधार भी हो सकता है. उन्होंने बताया कि वर्ष 2008 में अमेरिकी वित्तीय संकट और वैश्विक मंदी के दौरान भारतीय बाजार में सोने की कीमत पांच हजार रुपये से बढ़कर 13 हजार रुपये तक पहुंच गई थी. इसके बाद इसमें करीब 30 प्रतिशत की गिरावट आई और भाव नौ हजार रुपये तक आ गया था.

इसी तरह 2015-16 में भी सोने की कीमत 30 हजार रुपये से गिरकर 24 हजार रुपये के आसपास पहुंच गई थी. विशेषज्ञों का कहना है कि जब किसी धातु की कीमत बहुत तेजी से बढ़ती है, तो उसके बाद बाजार में ठहराव और सुधार आना सामान्य प्रक्रिया है. ऐसे समय में जरूरत के हिसाब से ही सोना खरीदना समझदारी हो सकती है.

सोने और चांदी में कितना निवेश करना चाहिए?

सीए पंकज जैन के मुताबिक, निवेशकों को अपने कुल निवेश पोर्टफोलियो का केवल 10 से 15 प्रतिशत हिस्सा ही सोने और चांदी में रखना चाहिए. उनके अनुसार, लंबी अवधि के निवेश के लिए सोना चांदी की तुलना में बेहतर विकल्प हो सकता है. इसकी स्वीकार्यता दुनियाभर में है और जरूरत पड़ने पर इसे नकदी में बदलना भी आसान होता है.

उन्होंने बताया कि सोने के आभूषण खरीदने पर मेकिंग चार्ज और जीएसटी का अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ता है. इसलिए निवेश के उद्देश्य से म्यूचुअल फंड और गोल्ड ETF जैसे विकल्पों पर विचार किया जा सकता है. साथ ही निवेश करते समय केवल कीमत के बजाय खरीदे गए सोने के वजन पर भी ध्यान देना चाहिए.

सोने-चांदी की कीमतों में गिरावट की क्या हैं वजहें?

सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट के पीछे कई कारण बताए जा रहे हैं. ऊंचे भाव पर मुनाफा कमाने के लिए निवेशकों की बिकवाली ने बाजार पर दबाव बनाया है. इसके अलावा विदेशी बाजार में मांग कमजोर होने और आपूर्ति बढ़ने से भी कीमतों में गिरावट आई है.

इसके साथ ही सोने की रिसाइकिलिंग बढ़ने, लैब में तैयार किए जाने वाले विकल्पों और मिलावट से जुड़ी खबरों का भी बाजार की धारणा पर असर पड़ा है. दूसरी ओर AI, टेक्नोलॉजी और एनर्जी सेक्टर के शेयरों में तेजी के कारण कुछ निवेशक फिलहाल सोने से दूरी बना रहे हैं. अमेरिकी फेडरल रिजर्व की आगामी बैठक को लेकर भी बाजार में अनिश्चितता बनी हुई है.

क्या अभी सोना-चांदी खरीदना सही रहेगा?

विशेषज्ञों की सलाह है कि मौजूदा गिरावट को देखकर एक साथ बड़ी रकम निवेश करने से बचना चाहिए. अगर खरीदारी आभूषणों के लिए करनी है, तो जरूरत के हिसाब से खरीदारी की जा सकती है. वहीं निवेश के लिए लंबी अवधि का नजरिया रखना जरूरी है. सोने और चांदी में निवेश करने से पहले अपने बजट, जोखिम उठाने की क्षमता और निवेश के लक्ष्य को ध्यान में रखना चाहिए.