400 रुपये का यह बैटरी स्टॉक बनेगा मल्टीबैगर? EV सेक्टर की तेजी के बीच एक्सपर्ट ने दिया 700 रुपये का बड़ा टारगेट!
मार्केट एक्सपर्ट अनिल सिंघवी ने 'एक्साइड इंडस्ट्रीज' को लंबी अवधि के निवेश के लिए बेहतरीन शेयर बताया है. इलेक्ट्रिक व्हीकल्स और बैटरी की बढ़ती मांग के बीच उन्होंने 700 रुपये तक के लक्ष्य के साथ इसमें निवेश की सलाह दी है.
मुंबई: बदलते वक्त के साथ गाड़ियां अब पेट्रोल-डीजल छोड़कर बिजली से दौड़ने लगी हैं और इस बदलाव में जो चीज सबसे ज्यादा जरूरी है वो है दमदार बैटरी. ऐसे में शेयर बाजार के दिग्गज मान रहे हैं कि आने वाले दिनों में बैटरियों का ये बेताज बादशाह निवेशकों की किस्मत चमका सकता है.
शेयर बाजार के जाने-माने एक्सपर्ट अनिल सिंघवी ने भारत की दिग्गज बैटरी बनाने वाली कंपनी 'एक्साइड इंडस्ट्रीज' Exide Industries को लंबी अवधि के निवेश के लिए एक बेहतरीन मौका बताया है. जिस तेजी से इलेक्ट्रिक व्हीकल्स रिन्यूएबल एनर्जी स्टोरेज और इलेक्ट्रॉनिक्स की डिमांड बढ़ रही है उसे देखते हुए बैटरी इंडस्ट्री का भविष्य बेहद शानदार नजर आ रहा है.
405 रुपये पर ट्रेड कर रहा है शेयर
फिलहाल एक्साइड का शेयर करीब 405 रुपये के आस-पास ट्रेड कर रहा है. अनिल सिंघवी का सुझाव है कि जो लोग अगले 2 से 3 साल के लिए निवेश करना चाहते हैं वे सारा पैसा एक साथ लगाने के बजाय धीरे-धीरे खरीदारी करें. उन्होंने इस शेयर के लिए 475 रुपये, 600 रुपये और 700 रुपये के तीन बड़े टारगेट दिए हैं. अगर कंपनी इन लक्ष्यों को छू लेती है तो मौजूदा कीमत से निवेशकों को 75% तक का तगड़ा मुनाफा हो सकता है.
दो हफ्तों में कंपनी ने लगाई 18% की छलांग
करीब 34 हजार करोड़ से ज्यादा के मार्केट कैप वाली इस कंपनी ने पिछले दो हफ्तों में ही करीब 18% की छलांग लगाई है. हालांकि बीते दो सालों में इसका प्रदर्शन थोड़ा सुस्त रहा था लेकिन अब यह भविष्य की लंबी रेस के लिए पूरी तरह तैयार दिख रही है.
एक्साइड पर इस भरोसे की सबसे बड़ी वजह है इसकी 80 साल से ज्यादा पुरानी साख और मजबूत नेटवर्क. कंपनी के प्रॉडक्ट्स दुनिया के 70 से ज्यादा देशों में बिकते हैं और भारत में इसके 13 मैन्युफैक्चरिंग प्लांट्स हैं. ऑटोमोबाइल से लेकर इनवर्टर सोलर सिस्टम और यहां तक कि डिफेंस सेक्टर के लिए भी एक्साइड बैटरियां बनाती है.
लिथियम-आयन सेल के क्षेत्र में रखा कदम
सबसे बड़ी बात यह है कि कंपनी अब लिथियम-आयन सेल बनाने के क्षेत्र में उतर चुकी है और जल्द ही इसका प्रोडक्शन भी शुरू होने वाला है. साथ ही हुंडई और किआ जैसी बड़ी ऑटोमोबाइल कंपनियों के साथ इसकी पार्टनरशिप और इलेक्ट्रिक गाड़ियों को बढ़ावा देने की सरकारी नीतियां एक्साइड की ग्रोथ में चार चांद लगाने का काम करेंगी.
नोट: यह लेख केवल जानकारी के उद्देश्य से है और इसे निवेश सलाह न माना जाए. किसी भी शेयर में निवेश करने से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से परामर्श जरूर लें और स्वयं रिसर्च भी करें.