EPF से पैसा निकालने के नियम हुए आसान, नौकरी छूटने या रिटारमेंट पर अब कितनी मिलेगी रकम, जानें पूरा गणित
EPFO ने PF निकासी के नियमों में बदलाव किया है. अब बेरोजगारी के दो महीने बाद 90 फीसदी रकम निकाल सकेंगे. साथ ही रिटायरमेंट के बाद किस्तों में भी पैसा मिलेगा.
कर्मचारी भविष्य निधि (EPF) से जुड़े करोड़ों कर्मचारियों के लिए अहम बदलाव किए गए हैं. अब रिटायर होने वाले कर्मचारी अपना पूरा PF पैसा एक साथ निकालने के बजाय किस्तों में भी प्राप्त कर सकेंगे. समाचार एजेंसी ANI के मुताबिक, कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) के केंद्रीय न्यासी बोर्ड (CBT) ने इसके लिए सिस्टमैटिक विदड्रॉल प्लान (SWP) के प्रस्ताव को मंजूरी दी है.
इस व्यवस्था के तहत रिटायरमेंट के बाद कर्मचारी अपने PF खाते में जमा रकम से नियमित अंतराल पर पैसा निकाल सकेंगे. इससे उन्हें एकमुश्त रकम निकालने के बजाय नियमित आय का विकल्प मिलेगा. साथ ही, बची हुई रकम पर खाते के नियमों के अनुसार लाभ मिलता रहेगा.
सदस्य की मृत्यु होने पर नॉमिनी को मिलेगा पैसा
अगर किस्तों में पैसा मिलने के दौरान PF सदस्य की मृत्यु हो जाती है, तो उसके नॉमिनी या आश्रित को खाते में बची हुई रकम निकालने अथवा निर्धारित शर्तों के तहत किस्तें जारी रखने का विकल्प मिलेगा.
Also Read
नौकरी छूटने पर 2 महीने बाद निकाल सकेंगे 90% पैसा
EPFO ने PF की आंशिक निकासी के नियमों में भी बदलाव किया है. नए नियमों के मुताबिक, 55 साल से कम उम्र में रिटायर होने या नौकरी छोड़ने वाले पात्र सदस्य अब अपने PF बैलेंस का 90 फीसदी तक निकाल सकेंगे. पहले यह सीमा 75 फीसदी थी.
इसके अलावा, बेरोजगारी या आर्थिक जरूरत के दौरान PF निकालने के लिए जरूरी न्यूनतम प्रतीक्षा अवधि को 12 महीने से घटाकर सिर्फ 2 महीने कर दिया गया है. इससे नौकरी छूटने के बाद कर्मचारियों को अपने PF का पैसा पाने में आसानी होगी.
किन जरूरतों के लिए निकाल सकेंगे PF का पैसा?
नए नियमों के तहत कर्मचारी कई जरूरी खर्चों के लिए PF से आंशिक निकासी कर सकेंगे. इनमें खुद या परिवार के सदस्यों के इलाज और अस्पताल का खर्च, अपनी या बच्चों की उच्च शिक्षा और शादी से जुड़े खर्च शामिल हैं.
इसके अलावा, घर या फ्लैट खरीदने, मकान बनाने के लिए जमीन खरीदने, घर का निर्माण कराने, होम लोन चुकाने और मौजूदा मकान की मरम्मत के लिए भी निर्धारित शर्तों के तहत PF निकासी की सुविधा मिलेगी. विशेष आपातकालीन परिस्थितियों में भी पैसा निकालने का प्रावधान रखा गया है.
तीन श्रेणियों में बांटे गए PF निकासी के नियम
EPF Scheme 2026 के तहत आंशिक निकासी के पुराने और जटिल नियमों को तीन प्रमुख श्रेणियों में व्यवस्थित किया गया है. इनमें जरूरी जरूरतें (Essential Needs), आवास संबंधी जरूरतें (Housing Needs) और विशेष परिस्थितियां (Special Circumstances) शामिल हैं. इन श्रेणियों के तहत निर्धारित पात्रता और सीमाओं के अनुसार पैसा निकाला जा सकेगा.
घर बैठे ऑनलाइन कर सकेंगे PF क्लेम
PF निकासी की प्रक्रिया को भी डिजिटल बनाया गया है. कर्मचारी EPFO के आधिकारिक मेंबर पोर्टल पर जाकर अपने UAN और पासवर्ड की मदद से लॉगिन कर सकते हैं. इसके बाद पात्रता के अनुसार ऑनलाइन क्लेम जमा किया जा सकता है. इसका उद्देश्य कागजी कार्रवाई कम करना और क्लेम सेटलमेंट की प्रक्रिया को आसान बनाना है.