EPFO ने खातों में जमा करना शुरू किया 8.25% ब्याज, ऐसे चेक करें अपना बैलेंस

EPFO ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए पीएफ खातों में 8.25% वार्षिक ब्याज डालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. बेहतर सॉफ्टवेयर सिस्टम के कारण इस बार कर्मचारियों के खातों में पैसा काफी तेजी से क्रेडिट होगा.

social media
Kuldeep Sharma

कर्मचारी भविष्य निधि संगठन EPFO के करीब 8 करोड़ सदस्यों के लिए एक बड़ी राहत की खबर है. EPFO ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए पीएफ खातों में 8.25% की वार्षिक दर से ब्याज भेजने की प्रक्रिया आधिकारिक तौर पर शुरू कर दी है. केंद्र सरकार से हरी झंडी मिलने के बाद, EPFO ने अपने सभी क्षेत्रीय कार्यालयों को कर्मचारियों के खातों को अपडेट करने के निर्देश दे दिए हैं.

इस बार जल्दी दिखेगा ब्याज का पैसा

EPFO के मुताबिक, इस साल खाताधारकों के अकाउंट में ब्याज का पैसा पिछली बार की तुलना में ज्यादा तेजी से क्रेडिट होगा. इसके लिए संगठन ने अपने डेटाबेस को मजबूत किया है और सॉफ्टवेयर सिस्टम को अपग्रेड किया है. पहले जहां इस प्रक्रिया में एक से दो महीने का समय लग जाता था, वहीं इस बार यह काम काफी जल्दी पूरा होने की उम्मीद है.

ब्याज दर में कोई बदलाव नहीं

EPFO के सेंट्रल बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए भी 8.25% ब्याज दर बनाए रखने की सिफारिश की थी, जिसे वित्त मंत्रालय ने मंजूरी दे दी है. आपको बता दें कि यह लगातार तीसरा साल है जब पीएफ पर मिलने वाला ब्याज 8.25% पर ही बरकरार है.


अपने पीएफ खाते का बैलेंस कैसे चेक करें?

आपका ब्याज खाते में आया है या नहीं, इसे आप 4 आसान तरीकों से जांच सकते हैं:

1. EPFO पोर्टल के जरिए- सबसे पहले EPFO के मेंबर पासबुक पोर्टल पर जाएं. उसके बाद अपना UAN नंबर और पासवर्ड डालकर लॉग-इन करें. अपने पीएफ अकाउंट का चयन करें और पासबुक ओपन करें. इसके बाद ट्रांजैक्शन लिस्ट में जाकर देखें कि नया ब्याज जुड़ा है या नहीं.

2. उमंग (UMANG) ऐप से- अपने फोन में UMANG ऐप खोलें और EPFO वाले सेक्शन में जाएं. View Passbook के विकल्प पर क्लिक करें. अपना UAN नंबर दर्ज करें और मोबाइल पर आए OTP के जरिए लॉग-इन करें. अपनी पासबुक खोलकर अपडेट हुआ बैलेंस चेक कर लें.

3. सिर्फ एक SMS भेजकर- अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से एक मैसेज टाइप करें: EPFOHO UAN HIN. इस मैसेज को 7738299899 पर भेज दें. कुछ ही देर में आपके फोन पर एक एसएमएस आएगा, जिसमें आपके कुल बैलेंस की पूरी जानकारी होगी.

4. मिस कॉल देकर- अपने पीएफ खाते से लिंक मोबाइल नंबर से 9966044425 पर एक मिस कॉल दें. घंटी जाने के बाद कॉल अपने आप कट जाएगी और थोड़ी ही देर में आपके पास पीएफ बैलेंस का मैसेज आ जाएगा.

कर्मचारियों के लिए सलाह

वर्ष 2025-26 का ब्याज जल्द ही सभी के खातों में दिखने लगेगा. नौकरीपेशा लोग समय-समय पर अपनी पासबुक या डिजिटल माध्यमों के जरिए अपना अकाउंट बैलेंस चेक करते रहें.