8वें वेतन आयोग का बड़ा अपडेट! गजट के ये 5 नियम बदल सकते हैं सैलरी और पेंशन
8वां वेतन आयोग केवल सैलरी बढ़ाने तक सीमित नहीं है. यह भत्तों के सरलीकरण, परफॉर्मेंस-लिंक्ड इंसेंटिव, NPS/UPS व ग्रेच्युटी की समीक्षा, प्राइवेट सेक्टर से तुलना और अंतरिम रिपोर्ट के जरिए कर्मचारियों व पेंशनर्स की पूरी व्यवस्था बदलेगा.
8th Pay Commission: आठवां वेतन आयोग सिर्फ कर्मचारियों की सैलरी बढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के भत्तों, पेंशन, ग्रेच्युटी और अन्य सुविधाओं में भी बड़े बदलाव कर सकता है.
आयोग के गठन को 8 महीने से ज्यादा का समय हो चुका है और सिफारिशें सौंपने के लिए अब 10 महीने से भी कम का वक्त बचा है. हाल ही में आयोग ने विभिन्न कर्मचारी यूनियनों और पेंशनभोगी संगठनों के साथ बैठकें भी की हैं. सरकारी गैजेट के अनुसार, आयोग को देश के बजट और कर्मचारियों के कल्याण के बीच संतुलन बनाकर रिपोर्ट तैयार करने को कहा गया है. गैजेट में दी गई 5 सबसे महत्वपूर्ण बातें क्या हैं.
1. सभी भत्तों की समीक्षा
आयोग मौजूदा सभी भत्तों और उनके नियमों की जांच कर रहा है. पूरी व्यवस्था को आसान और पारदर्शी बनाने के लिए कई भत्तों को आपस में मिलाया या बदला जा सकता है. इससे कर्मचारियों को मिलने वाले भत्तों की दरों और क्लेम करने के तरीकों में बदलाव देखने को मिल सकता है.
Also Read
2. परफॉर्मेंस के आधार पर इनाम
अब केवल समय के साथ सैलरी बढ़ने के बजाय काम के प्रदर्शन पर ज्यादा जोर दिया जाएगा. आयोग मौजूदा बोनस सिस्टम की समीक्षा करके एक ऐसा फ्रेमवर्क तैयार कर सकता है, जहां कर्मचारियों को उनकी उत्पादकता यानी प्रोडक्टिविटी, कार्यकुशलता और जवाबदेही के आधार पर इंसेंटिव या वित्तीय लाभ मिलेंगे.
3. पेंशन, NPS, UPS और ग्रेच्युटी में बदलाव
रिटायरमेंट के बाद मिलने वाले फायदों पर इस बार विशेष ध्यान दिया जा रहा है. नेशनल पेंशन सिस्टम यानी NPS और यूनिफाइड पेंशन स्कीम यानी UPS के तहत आने वाले कर्मचारियों के साथ-साथ पुरानी पेंशन व्यवस्था के दायरे में आने वाले कर्मचारियों की पेंशन और ग्रेच्युटी की समीक्षा की जाएगी, ताकि इसकी कमियों को दूर किया जा सके.
4. प्राइवेट सेक्टर की सैलरी पर नजर
सरकारी नौकरियों में काबिल लोगों को आकर्षित करने और उन्हें बनाए रखने के लिए, आयोग प्राइवेट सेक्टर और सेंट्रल पब्लिक सेक्टर अंडरटेकिंग्स के सैलरी स्ट्रक्चर और काम करने के माहौल का भी अध्ययन करेगा. मकसद एक ऐसा वेतन ढांचा तैयार करना है जो सरकारी खजाने पर भारी न पड़े और कर्मचारियों के लिए भी बेहतर हो.
5. अंतरिम रिपोर्ट की सुविधा
आयोग को अपनी अंतिम रिपोर्ट सौंपने के लिए 18 महीने का समय मिला है. हालांकि, गैजेट के नियमों के मुताबिक, अगर ज़रूरत पड़े तो आयोग अंतिम रिपोर्ट से पहले कुछ खास मुद्दों पर अंतरिम रिपोर्ट भी दे सकता है. इससे सरकार को अंतिम फैसले से पहले कुछ सिफारिशों को लागू करने का मौका मिल जाएगा.
8वां वेतन आयोग केवल सैलरी बढ़ाने का जरिया नहीं है, बल्कि यह केंद्रीय कर्मचारियों की पूरी सैलरी व्यवस्था, भत्तों और रिटायरमेंट बेनिफिट्स का रूप बदलने जा रहा है. इसकी अंतिम सिफारिशें आने वाले दशक में न केवल लाखों परिवारों के वित्तीय भविष्य को तय करेंगी, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था पर भी इसका बड़ा असर पड़ेगा.