टाटा मोटर्स का धमाकेदार साल: FY2026 में बिकीं 6.42 लाख कारें, नेक्सॉन और CNG-EV ने किया कमाल
टाटा मोटर्स ने वित्त वर्ष 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 6.42 लाख कारें बेचीं, जो पिछले साल से 15 प्रतिशत ज्यादा है.
नई दिल्ली: टाटा मोटर्स के लिए वित्त वर्ष 2026 यादगार रहा. कंपनी ने शानदार प्रदर्शन किया है. देश की इस सबसे बड़ी स्वदेशी कार कंपनी ने पूरे साल भर में जबरदस्त बिक्री की है. ग्राहकों ने अपना भरपूर प्यार दिया है. इसी के साथ बाजार में अपनी पकड़ और मजबूत कर ली.नेक्सॉन, पंच जैसी लोकप्रिय गाड़ियों के साथ-साथ सीएनजी और इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री ने टाटा को नई ऊंचाई दी.
एक साल में सबसे बड़ी बिक्री
टाटा मोटर्स ने वित्त वर्ष 2026 में कुल 6,41,587 कारें बेचीं. यह आंकड़ा पिछले वित्त वर्ष 2025 की 5,56,263 यूनिट से 15 प्रतिशत ज्यादा है. कंपनी के लिए यह अब तक का सबसे बेहतरीन साल साबित हुआ. खासकर दूसरी छमाही में टाटा की रफ्तार और तेज हुई, जिसने उसे महिंद्रा और हुंडई के बीच मजबूत जगह दिलाई.
नेक्सॉन की बादशाहत और एसयूवी का जलवा
टाटा नेक्सॉन और पंच ने पूरे साल बाजार पर राज किया. खासकर वित्त वर्ष की दूसरी छमाही में नेक्सॉन सबसे ज्यादा बिकने वाली कार रही. पेट्रोल, डीजल, सीएनजी और इलेक्ट्रिक सभी वेरिएंट में उपलब्ध नेक्सॉन ने टाटा की सफलता में बड़ा योगदान दिया. ये दोनों मॉडल टॉप-3 सबसे ज्यादा बिकने वाली एसयूवी में शामिल रहीं.
सीएनजी सेगमेंट में टाटा का रेकॉर्ड
टाटा मोटर्स ने सीएनजी कारों की बिक्री में भी नया रिकॉर्ड बनाया. पूरे वित्त वर्ष 2026 में कंपनी ने 1.72 लाख सीएनजी वाहन बेचे, जो पिछले साल से 24 प्रतिशत ज्यादा है. नेक्सॉन सीएनजी, पंच सीएनजी, टियागो और अल्ट्रोज सीएनजी की अच्छी डिमांड रही. इससे साफ है कि सस्ती और माइलेज वाली गाड़ियों की तरफ ग्राहक तेजी से रुख कर रहे हैं. (
ईवी सेल्स में बड़ी छलांग
इलेक्ट्रिक वाहनों में भी टाटा मोटर्स का प्रदर्शन शानदार रहा. कंपनी ने पूरे साल 92,000 ईवी बेचीं. नेक्सॉन ईवी, पंच ईवी, हैरियर ईवी, कर्व ईवी और टियागो ईवी की बिक्री अच्छी रही. चौथी तिमाही में ही 27 हजार से ज्यादा ईवी बिकीं, जबकि सिर्फ मार्च में 9,494 यूनिट बिक्री दर्ज की गई.
मार्च और चौथी तिमाही का जोरदार प्रदर्शन
वित्त वर्ष 2026 की चौथी तिमाही (जनवरी-मार्च) में टाटा मोटर्स ने 2 लाख से ज्यादा कारें बेचीं, जो 37 प्रतिशत की बढ़ोतरी है. मार्च महीने में अकेले 66,192 यूनिट बिक्री हुई, जो पिछले मार्च से 28 प्रतिशत ज्यादा है. कुल मिलाकर निर्यात सहित मार्च का आंकड़ा 66,971 यूनिट रहा.