बाइक चलाते हैं? दिमाग में गांठ बांध लें ये बातें, सड़क पर हमेशा रहेंगे सुरक्षित!
अगर आप बाइक चलाते हैं तो आपको कुछ बातों का ध्यान रखना होगा, जिससे सड़क दुर्घटना से बचा जा सकता है. राइडिंग के दौरान आपको 6 टिप्स को फॉलो करना होगा.
नई दिल्ली: आजकल जिसे भी थोड़ी बहुत बाइक चलानी आ जाती है, वो खुद को बाइक रेसर समझने लगता है. हमने कई बार सड़कों पर लोगों को गलत तरह से बाइक चलाते देखा है, जिससे कई बार एक्सीडेंट जैसी घटनाएं भी हो जाती हैं. कई बार बाइक सड़क पर चलने वाले सबसे खतरनाक वाहनों में से एक बन जाती है. एक छोटी-सी गलती और आप दुर्घटना के शिकार हो सकते हैं.
स्कूटर हो या रेगुलर बाइक… सुरक्षा नियमों का पालन करना बेहद ही जरूरी है. यहां हम आपको कुछ टिप्स की जानकारी दे रहे हैं, जो आपको सुरक्षित तरह से बाइक चलाने में मदद करेंगे. इन टिप्स को फॉलो कर आप सुरक्षित रह सकते हैं.
फुल-फेस हेलमेट पहनना जरूरी:
बाइक चलाते समय आपको एक फुल फेस हेलमेंट पहनना बेहद ही जरूरी है. हाफ हेलमेंट आपकी सुरक्षा पूरी तरह से नहीं कर सकता है. ऐसे में हमेशा एक ऐसा फुल-फेस हेलमेट चुनें जो ISI सुरक्षा मानकों को पूरा करता हो. दुर्घटना के दौरान यह आपके सिर और चेहरे को बचाता है.
रियर-व्यू मिरर को ठीक से एडजस्ट करें:
बाइक चलाते समय अपने व्यू के हिसाब से रियर-व्यू मिरर को एडजस्ट करना जरूरी होता है. इससे आप पीछे से आ रहे वाहनों के बारे में पता चलता है. इससे आपको दूरी का अंदाजा लगाने और सुरक्षित रूप से लेन बदलने में मदद मिलती है.
दूसरे वाहनों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें:
जब भी बाइक चलाएं तो दूसरे वाहनों से सही दूरी बनाए रखना जरूरी है. हमेशा इंडिकेटर का इस्तेमाल करें. इसके बिना अचानक मुड़ने से गंभीर दुर्घटनाएं हो सकती हैं. हाइवे पर यह बात और भी ज्यादा जरूरी हो जाती है.
सतर्क रहें और सड़क पर नजर रखें:
बाइक चलाते समय आपको हमेशा सतर्क रहना चाहिए. साथ ही सड़क पर नजर रखना बेहद जरूरी है. कई लोग बाइक चलाते समय भी फोन का इश्तेमाल करते हैं, जिससे ध्यान भटक सकता है. हर राइड को अपनी पहली राइड की तरह ही लें. अपनी नजर सड़क पर बनाए रखें.
उंगलियां ब्रेक के पास रखें:
ओवरकॉन्फिडेंस में बाइक चलाना आपके लिए मुश्किल भरा साबित हो सकता है. लोग अक्सर अचानक सड़क पार करने लगते हैं. अपनी उंगलियां हमेशा ब्रेक लीवर पर हल्के से टिकाकर रखें जिससे जरूरत पड़ने पर आप तुरंत गाड़ी रोक सकें.
धीमे ट्रैफिक में लेफ्ट साइड रहना है जरूरी:
जब ट्रैफिक स्लो हो तो आपको लेफ्ट साइड पर ही बाइक चलानी चाहिए. इससे जरूरत पड़ने पर आपको निकलने की जगह मिल जाती है. राइट साइड तभी जाएं जब आप किसी को ओवरटेक करना चाहते हों, और उसके बाद वापस लेफ्ट साइड पर आ जाएं.