US Israel Iran War

महिंद्रा BE 6 बैटमैन एडिशन का धमाल: सिर्फ 7 मिनट में सोल्ड आउट 999 यूनिट; कीमत 28.49 लाख

महिंद्रा ने अपनी इलेक्ट्रिक एसयूवी BE 6 के बैटमैन एडिशन का दूसरा बैच लॉन्च किया और महज 7 मिनट में 999 यूनिट बुक हो गईं. एक्स-शोरूम कीमत 28.49 लाख रुपये है.

Pinterest
Reepu Kumari

नई दिल्ली: महिंद्रा एंड महिंद्रा ने एक बार फिर भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में तहलका मचा दिया है. उनकी इलेक्ट्रिक एसयूवी BE 6 के बैटमैन एडिशन का दूसरा बैच लॉन्च होते ही महज 7 मिनट में पूरी तरह बुक हो गया. पहला बैच भी इसी तरह रिकॉर्ड समय में सोल्ड आउट हुआ था. 28.49 लाख रुपये की एक्स-शोरूम कीमत पर यह स्पेशल एडिशन बैटमोबाइल फैंस के लिए सपनों जैसा है. कंपनी ने इसे पैक 3 ट्रिम पर आधारित बनाया है, जिसमें खास डिजाइन, दमदार परफॉर्मेंस और ढेर सारे प्रीमियम फीचर्स दिए गए हैं. डिलीवरी अप्रैल के अंत से शुरू होगी.

बैटमैन थीम ने दिल जीता

इस एडिशन की खासियत इसका सैटिन ब्लैक कलर, फ्रंट-रियर पर बैट एंब्लम, बैटमैन डिकेल्स और पडल लैंप्स पर बैटमैन लोगो है. पैनोरमिक ग्लास रूफ पर रेड बैटमैन लाइटिंग, गोल्डन फिनिश ब्रेक कैलिपर्स के साथ 20 इंच अलॉय व्हील, ऑटो फ्लश डोर हैंडल्स और पावर्ड टेलगेट जैसे एक्सटीरियर फीचर्स इसे बाकी BE 6 से अलग बनाते हैं. पहले बैच से 70 हजार रुपये महंगा होने के बावजूद ग्राहकों ने इसे हाथों-हाथ लिया.

इंटीरियर में लग्जरी का तड़का

अंदर से यह ऑल-ब्लैक डैशबोर्ड, गोल्डन हाइलाइट्स वाले स्टीयरिंग और की फॉब के साथ आकर्षक लगता है. 12.3 इंच की दो HD स्क्रीन, हरमन कार्डन का 16-स्पीकर डॉल्बी एटमॉस साउंड सिस्टम, वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स, ड्राइवर सीट मेमोरी, डुअल-जोन क्लाइमेट कंट्रोल, वायरलेस चार्जिंग और 7 एयरबैग्स जैसे फीचर्स मिलते हैं. 360 डिग्री कैमरा रिकॉर्डिंग फंक्शन के साथ और लेवल-2 ADAS इसे सुरक्षित और आधुनिक बनाते हैं.

दमदार बैटरी और परफॉर्मेंस

BE 6 बैटमैन एडिशन में 79 kWh लिथियम-आयन बैटरी है, जो एक चार्ज में 683 किलोमीटर तक की रेंज देती है. रियर-व्हील ड्राइव मोटर 282 बीएचपी पावर और 380 Nm टॉर्क जनरेट करती है. 0 से 100 किमी/घंटा सिर्फ 6.7 सेकंड में. 175 kW DC फास्ट चार्जर से 20-80% चार्ज महज 20 मिनट में हो जाता है. 11.2 kW और 7.3 kW AC चार्जिंग ऑप्शन भी उपलब्ध हैं.

क्रेज के पीछे की वजह

महिंद्रा की स्कॉर्पियो-एन, थार और XUV700 जैसी गाड़ियों का रिकॉर्ड पहले से ही है, लेकिन BE 6 बैटमैन एडिशन ने इलेक्ट्रिक सेगमेंट में नया बेंचमार्क बनाया है. बैटमैन थीम, प्रीमियम फीचर्स और दमदार रेंज-परफॉर्मेंस का कॉम्बिनेशन ग्राहकों को भा गया. भारतीय बाजार में प्रीमियम EV की मांग तेजी से बढ़ रही है और महिंद्रा इस लहर को अच्छे से भुना रही है.