भारत की सड़कों पर दौड़ी Honda की पहली इलेक्ट्रिक SUV, टाटा की इस गाड़ी को मिलेगी सीधी टक्कर

पब्लिक रोड वेरिफिकेशन प्रोग्राम के दौरान इंजीनियर वाहन की ड्यूरेबिलिटी, हैंडलिंग, राइड कम्फर्ट, एफिशिएंसी और ओवरऑल रिलायबिलिटी का मूल्यांकन करेंगे. इसके लिए SUV को हाईवे, शहर की सड़कों और चुनौतीपूर्ण इलाकों में चलाया जाएगा.

Anuj

नई दिल्ली: Honda Cars India ने देश में अपनी पहली इलेक्ट्रिक SUV के टेस्टिंग की औपचारिक शुरुआत कर दी है. कंपनी ने 16 मार्च को राजस्थान के टपूकारा स्थित अपने प्लांट से इस प्रोटोटाइप वाहन को पैन-इंडिया रोड टेस्टिंग के लिए रवाना किया.

इस टेस्टिंग कार्यक्रम के तहत कंपनी देश के अलग-अलग हिस्सों में वास्तविक सड़क परिस्थितियों में वाहन की क्षमता, मजबूती और विश्वसनीयता की जांच करेगी. यह प्रक्रिया Honda के भारत में इलेक्ट्रिक मोबिलिटी की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है.

भारत में होगा निर्माण

टेस्टिंग के लिए भेजा गया यह प्रोटोटाइप Honda के 0 Alpha कॉन्सेप्ट पर आधारित है, जिसे वैश्विक स्तर पर Japan Mobility Show 2025 में पेश किया गया था. इस इलेक्ट्रिक SUV का निर्माण भारत में ही किया जाएगा. कंपनी की योजना इसे भारतीय बाजार के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय बाजारों में निर्यात करने की भी है, जिससे भारत को एक महत्वपूर्ण प्रोडक्शन हब बनाया जा सके.

चुनौतीपूर्ण इलाकों में टेस्टिंग

पब्लिक रोड वेरिफिकेशन प्रोग्राम के दौरान इंजीनियर वाहन की ड्यूरेबिलिटी, हैंडलिंग, राइड कम्फर्ट, एफिशिएंसी और ओवरऑल रिलायबिलिटी का मूल्यांकन करेंगे. इसके लिए SUV को हाईवे, शहर की सड़कों और चुनौतीपूर्ण इलाकों में चलाया जाएगा. चार्जिंग सिस्टम की भी अलग-अलग चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर पर जांच होगी ताकि रोजमर्रा के उपयोग में इसकी व्यावहारिकता सुनिश्चित की जा सके.

सेडान मॉडल को रद्द किया

इस बीच Honda ने अपनी वैश्विक इलेक्ट्रिक वाहन योजना में भी कुछ बदलाव किए हैं. कंपनी ने हाल ही में अमेरिका में उत्पादन शुरू होने से पहले ही Honda 0 Series की बड़ी SUV और उसके सेडान मॉडल को रद्द कर दिया. यह फैसला कंपनी के EV निवेश को नए सिरे से संतुलित करने की रणनीति का हिस्सा बताया जा रहा है. हालांकि, छोटा और ज्यादा सुलभ Honda 0 Alpha मॉडल अभी भी कंपनी की भविष्य की EV रणनीति में अहम भूमिका निभाने वाला है.

कैसा होगा डिजाइन?

डिजाइन की बात करें तो इसमें फ्रंट पर डिजिटल लाइटिंग एलिमेंट्स और एकीकृत स्क्रीन एरिया दिया गया है, जिसमें हेडलाइट्स, चार्जिंग लिड और इल्यूमिनेटेड Honda लोगो शामिल है. पीछे की ओर U-शेप लाइटिंग सिग्नेचर दिया गया है, जिसमें टेल लैंप, टर्न इंडिकेटर और रिवर्स लाइट एक ही पैनल में समाहित हैं.

2027 में लॉन्च होने की उम्मीद

इस इलेक्ट्रिक SUV का प्रोडक्शन वर्जन भारत में 2027 के आसपास लॉन्च होने की उम्मीद है. हालांकि, कंपनी ने अभी आधिकारिक स्पेसिफिकेशन साझा नहीं किए हैं, लेकिन इसमें 60kWh या 70kWh बैटरी पैक मिलने की संभावना है. शुरुआती मॉडल में सिंगल मोटर फ्रंट-व्हील ड्राइव कॉन्फिगरेशन दिया जा सकता है.