Ferrari Amalfi Price: 5.59 करोड़ की फेरारी भारत में, अमाल्फी ने मचाया सुपरकार मार्केट में हंगामा

फेरारी ने अपनी नई एंट्री लेवल सुपरकार अमाल्फी की भारत में कीमत का खुलासा कर दिया है. इस कार की शुरुआती एक्स शोरूम कीमत 5.59 करोड़ रुपये रखी गई है. आधिकारिक लॉन्च इस साल के बीच में होने की उम्मीद है, जबकि डिलीवरी 2027 से पहले संभव नहीं मानी जा रही है.

X
Babli Rautela

Ferrari Amalfi Price: इटैलियन सुपरकार निर्माता फेरारी ने अपनी नई पेशकश अमाल्फी की भारत में कीमत 5.59 करोड़ रुपये एक्स शोरूम तय की है. यह कीमत बिना किसी ऑप्शन के बेस वेरिएंट की है. कंपनी ने भले ही आधिकारिक लॉन्च अभी नहीं किया हो, लेकिन इच्छुक ग्राहक भारत में फेरारी के किसी भी डीलरशिप पर जाकर पूछताछ और बुकिंग कर सकते हैं. अमाल्फी को फेरारी की सबसे नई एंट्री लेवल कार माना जा रहा है.

फेरारी अमाल्फी को मशहूर Ferrari Roma के सक्सेसर के तौर पर पेश किया जा रहा है. रोमा से पहले पोर्टोफिनो और कैलिफोर्निया सीरीज जैसी फ्रंट इंजन V8 जीटी कारें इस सेगमेंट में मौजूद थीं. अमाल्फी भी फ्रंट इंजन 2 प्लस 2 सीट लेआउट के साथ आती है और लग्जरी के साथ परफॉर्मेंस का बैलेंस पेश करती है.

पावरट्रेन और परफॉर्मेंस

फेरारी अमाल्फी में 3.9 लीटर ट्विन टर्बो V8 इंजन दिया गया है. यह इंजन 7,500 आरपीएम पर 640 हॉर्सपावर की ताकत पैदा करता है. रियर व्हील ड्राइव सेटअप के साथ यह सुपरकार सिर्फ 3.3 सेकंड में 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ लेती है. यह आंकड़े अमाल्फी को अपने सेगमेंट की सबसे तेज कारों में शामिल करते हैं.

क्या है एक्सटीरियर डिजाइन में नया

डिजाइन के मामले में अमाल्फी अपने पुराने मॉडल से बहुत अलग नहीं दिखती, लेकिन इसमें कई अहम बदलाव किए गए हैं. इसका फ्रंट लुक अब Ferrari Purosangue जैसे नए मॉडलों से मेल खाता है. छोटी हेडलाइट्स के बीच ब्लैक बैंड दिया गया है, जिसने पुराने ग्रिल डिजाइन की जगह ली है. पीछे की ओर टेल सेक्शन को ज्यादा साफ सुथरा बनाया गया है. नंबर प्लेट अब डिफ्यूज़र में शिफ्ट कर दी गई है और पतली एलईडी टेल लैंप्स कार को ज्यादा चौड़ा लुक देती हैं.

इंटीरियर में बड़ा बदलाव

अमाल्फी का केबिन 2 प्लस 2 सीट लेआउट के साथ आता है, लेकिन डैशबोर्ड को पूरी तरह सरल बनाया गया है. पहले मौजूद लंबा सेंटर कंसोल और पोर्ट्रेट टचस्क्रीन अब हटा दिए गए हैं. उनकी जगह पारंपरिक डैश डिजाइन और लैंडस्केप टचस्क्रीन दी गई है, जो फेरारी के नए सॉफ्टवेयर पर काम करती है. सबसे अहम बदलाव स्टीयरिंग व्हील पर देखने को मिलता है, जहां टच कंट्रोल्स की जगह फिर से हार्ड बटन की वापसी हुई है.

फेरारी अमाल्फी को पहले कूप वर्जन में लॉन्च किया जाएगा. इसके कुछ साल बाद स्पाइडर या कन्वर्टिबल मॉडल भी पेश किया जा सकता है. उम्मीद है कि भारत में इसका आधिकारिक लॉन्च इस साल के बीच में होगा. हालांकि ग्राहकों को डिलीवरी के लिए 2027 तक इंतजार करना पड़ सकता है, जैसा कि पहले Ferrari Roma के साथ देखा गया था.