Car AC Care Tips: चलती कार में अचानक बंद हो सकता है एसी, परेशानी बढ़ने से पहले पहचान लें ये खतरनाक संकेत
भीषण गर्मी में कार का AC खराब होना बड़ी परेशानी बन सकता है. कई बार AC पहले ही कुछ संकेत देने लगता है, लेकिन लोग उन्हें नजरअंदाज कर देते हैं.
नई दिल्ली: बदलते मौसम में अपनी प्यारी गाड़ी का ख्याल रखना जरुरी है. नहीं तो बीच रास्ते आपको धोखा दे सकती है. अब एसी को ही देख लीजिए. गर्मी का मौसम शुरू होते ही कार में एसी सबसे जरूरी चीज बन जाता है. तेज धूप और बढ़ते तापमान के बीच अगर कार का AC अचानक काम करना बंद कर दे, तो सफर बेहद मुश्किल हो सकता है. कई बार AC खराब होने से पहले कुछ संकेत देता है, जिन्हें लोग सामान्य समझकर नजरअंदाज कर देते हैं.
कमजोर कूलिंग को हल्के में न लें
अगर कार का AC पहले जितनी ठंडी हवा नहीं दे रहा है, तो यह गैस लीक या कंप्रेसर की खराबी का संकेत हो सकता है. कई लोग इसे सामान्य मानकर इस्तेमाल करते रहते हैं, लेकिन धीरे-धीरे समस्या बढ़ जाती है. ऐसे में तुरंत AC की जांच करवाना बेहतर माना जाता है.
अजीब आवाज आने लगे तो हो जाएं सतर्क
कार AC चालू करते समय अगर खटखट या घिसने जैसी आवाज सुनाई दे रही है, तो यह किसी पार्ट के खराब होने का संकेत हो सकता है. फैन, बेल्ट या कंप्रेसर में खराबी की वजह से ऐसी आवाजें आने लगती हैं. समय रहते रिपेयर नहीं कराने पर नुकसान ज्यादा बढ़ सकता है.
बदबू भी देती है खराबी का संकेत
अगर AC चलाते ही कार के अंदर से बदबू आने लगे, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए. यह एयर फिल्टर में गंदगी, फंगस या बैक्टीरिया जमा होने की वजह से हो सकता है. इससे न सिर्फ AC की परफॉर्मेंस प्रभावित होती है, बल्कि यात्रियों की सेहत पर भी असर पड़ सकता है.
बार-बार बंद होना सही संकेत नहीं
कई बार कार का AC कुछ देर चलने के बाद अपने आप बंद होने लगता है. यह इलेक्ट्रिकल फॉल्ट या ओवरहीटिंग की समस्या हो सकती है. लगातार ऐसा होने पर तुरंत मैकेनिक से जांच करवानी चाहिए, क्योंकि इससे पूरा AC सिस्टम प्रभावित हो सकता है.
समय पर सर्विस से बच सकता है बड़ा खर्च
विशेषज्ञों का कहना है कि गर्मियों से पहले AC की सर्विस करवाना सबसे सुरक्षित तरीका है. रेगुलर सर्विस से गैस, फिल्टर और कंप्रेसर की स्थिति सही बनी रहती है. इससे कार का AC लंबे समय तक बेहतर कूलिंग देता है और अचानक खराब होने की संभावना भी कम हो जाती है