Brezza vs Nexon: हर महीने 700-800 रुपये का फर्क, पर असली बचत किसमें? जानिए EMI का पूरा हिसाब
मारुति ब्रेजा और टाटा नेक्सन दोनों ही कॉम्पैक्ट SUV सेगमेंट में लोकप्रिय विकल्प हैं. नई कार खरीदने की तैयारी कर रहे हैं तो केवल कीमत नहीं, बल्कि डाउन पेमेंट, लोन और हर महीने की EMI भी देखना जरूरी है.
Brezza vs Nexon: शोरूम में दो गाड़ियां लगभग एक ही बजट की लगती हैं, लेकिन असली फर्क तब दिखता है जब हर महीने की किस्त का हिसाब लगाया जाता है. अगर आप नई कॉम्पैक्ट SUV खरीदने की सोच रहे हैं, तो मारुति सुजुकी ब्रेजा और टाटा नेक्सन का नाम सबसे पहले आता होगा. लुक, फीचर्स और परफॉर्मेंस के कारण दोनों को खूब पसंद किया जाता है.
पर कार खरीदते समय सिर्फ ऑन-रोड कीमत देखना काफी नहीं है. डाउन पेमेंट और ब्याज दर जुड़ते ही EMI में अच्छा-खासा अंतर आ जाता है. अगर आपका बजट थोड़ा तंग है, तो यह जानना जरूरी है कि किसकी किस्त जेब पर हल्की पड़ेगी. आइए इसे बिल्कुल आसान भाषा में समझते हैं.
पहले देखिए, कीमत में कितना फर्क
EMI तय करने में सबसे बड़ी भूमिका ऑन-रोड कीमत की होती है. ब्रेजा के बेस मॉडल की एक्स-शोरूम कीमत करीब 8.34 लाख रुपए है, जो ऑन-रोड पहुंचते-पहुंचते लगभग 9.35 लाख रुपए हो जाती है. नेक्सन का बेस मॉडल करीब 8 लाख रुपए एक्स-शोरूम मिलता है और ऑन-रोड कीमत लगभग 9 लाख रुपए बैठती है. यानी शुरुआत में ही नेक्सन थोड़ी सस्ती है.
Also Read
- सुरक्षा में पास हुई Mahindra XUV 7XO, Bharat NCAP में मिले पूरे 5 स्टार; जानें क्रैश टेस्ट का रिजल्ट
- CNG किट लगवाकर बचा रहे हैं पेट्रोल का खर्च? एक गलती पड़ सकती है भारी, जान लें क्या
- World EV Day 2026: पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के बीच ये Electric Cars दे रही राहत, 10 लाख से कम में कौन सी खरीदें?
1 लाख डाउन पेमेंट के बाद कितना बनेगा EMI
मान लीजिए दोनों गाड़ियों पर आप 1 लाख रुपए डाउन पेमेंट करते हैं. तब ब्रेजा के लिए करीब 8.35 लाख और नेक्सन के लिए करीब 8 लाख रुपए का लोन लेना पड़ेगा. 5 साल के लिए 9% ब्याज मानें, तो ब्रेजा की EMI लगभग 17,330 रुपए और नेक्सन की करीब 16,600 रुपए बनेगी. इस हिसाब से नेक्सन हर महीने 700 से 800 रुपए सस्ती पड़ती है.
माइलेज में कौन आगे, कहां वसूल होगा पैसा
किस्त के साथ पेट्रोल का खर्च भी जेब पर असर डालता है. ब्रेजा में 1.5 लीटर का बड़ा पेट्रोल इंजन है, जो करीब 17 से 19 किमी प्रति लीटर का माइलेज देता है. नेक्सन में 1.2 लीटर का टर्बो पेट्रोल इंजन है, जिसका माइलेज 16 से 17 किमी प्रति लीटर के आसपास रहता है. अगर आपकी रोज की दौड़ ज्यादा है, तो ब्रेजा पेट्रोल की बचत से EMI का फर्क पूरा कर सकती है.
आपके लिए कौन-सी कार सही रहेगी
अगर आपका मकसद हर महीने की किस्त कम से कम रखना है और आप कम बजट में सुरक्षित SUV चाहते हैं, तो टाटा नेक्सन अच्छा विकल्प है. लेकिन अगर आप लंबे समय तक बिना मेंटेनेंस की चिंता के कार चलाना चाहते हैं, अच्छी रीसेल वैल्यू और माइलेज से बचत चाहते हैं, तो ब्रेजा के लिए थोड़ी ज्यादा EMI देना घाटे का सौदा नहीं होगा. अपनी जरूरत और कमाई देखकर फैसला करें.