सपने में दिखी अपनी शादी, जानें स्वप्न शास्त्र में क्या बताया गया है इसका फल
स्वप्न शास्त्र के अनुसार सपने में शादी देखना हमेशा शुभ या अशुभ नहीं होता. इसका अर्थ सपने की स्थिति पर निर्भर करता है.
नई दिल्ली: स्वप्न शास्त्र के अनुसार सपने में अपनी शादी देखना कई तरह के संकेत दे सकता है. यह सपना केवल विवाह से जुड़ा नहीं होता, बल्कि जीवन में होने वाले बदलाव, इच्छाओं, चिंताओं और भविष्य की संभावनाओं की ओर भी इशारा कर सकता है. ज्योतिष मान्यताओं के मुताबिक, सपनों का अर्थ व्यक्ति की परिस्थिति और सपने के दृश्य के अनुसार बदल जाता है.
यदि कोई लड़की सपने में अपने प्रेमी को किसी दूसरी लड़की से शादी करते हुए देखती है, तो इसे शुभ संकेत माना जाता है. माना जाता है कि इससे जल्द विवाह के योग बन सकते हैं, हालांकि विवाह उसी व्यक्ति से हो यह जरूरी नहीं है.
खुद को शादी के जोड़े में देखने का क्या होता है फल?
सपने में खुद को शादी के जोड़े में देखना भी अच्छा संकेत माना जाता है. यह किसी बड़ी इच्छा के पूरा होने, सफलता मिलने या जीवन में सकारात्मक बदलाव आने का संकेत हो सकता है. दूसरी ओर यदि सपने में दुल्हन रोती हुई या विदाई के समय दिखाई दे, तो इसे अशुभ माना जाता है. यह किसी कार्य में बाधा, नुकसान या परेशानी का संकेत दे सकता है.
Also Read
फेरे लेते देखने का क्या होता है?
स्वप्न शास्त्र के अनुसार दूल्हा-दुल्हन को फेरे लेते देखना भी शुभ नहीं माना जाता. यह आने वाले समय में कामकाज में रुकावट या किसी महत्वपूर्ण प्रयास में असफलता का संकेत हो सकता है. इसी तरह सिंदूर, मंगलसूत्र या अंगूठी जैसी शादी से जुड़ी वस्तुएं सपने में दिखना सावधानी बरतने का संकेत माना जाता है.
सपने में बारात देखने का क्या होता है फल?
सपने में बारात देखना स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं या परिवार में किसी परेशानी का संकेत माना जाता है. वहीं खुद को दूल्हा बनते देखना, विशेषकर शादीशुदा व्यक्ति के लिए, दांपत्य जीवन में तनाव या विवाद की संभावना की ओर इशारा कर सकता है.
हालांकि कुछ सपने बेहद शुभ भी माने गए हैं. नीलकंठ या सारस पक्षी का दिखना सुंदर और योग्य जीवनसाथी मिलने का संकेत माना जाता है. वहीं जीवनसाथी के साथ प्रेमपूर्ण पल देखना सुख, समृद्धि और सकारात्मक बदलाव का प्रतीक माना जाता है.