BRICS 2026 Asian Games 2026

आखिर भगवान शिव को आदियोगी क्यों कहा जाता है? जानें हजारों साल पुरानी महादेव से जुड़ी रोचक मान्यता

सनातन परंपरा के अनुसार भगवान शिव को आदियोगी इसलिए कहा जाता है क्योंकि उन्होंने सबसे पहले योग का ज्ञान प्राप्त किया और सप्तऋषियों के माध्यम से उसे पूरी दुनिया तक पहुंचाया.

Pinterest
Km Jaya

नई दिल्ली: भगवान शिव को सनातन परंपरा में आदियोगी यानी प्रथम योगी माना जाता है. मान्यता है कि उन्होंने सबसे पहले योग के विज्ञान का अनुभव किया, उसे आत्मसात किया और फिर योग्य शिष्यों को इसका ज्ञान दिया. इसी कारण भगवान शिव को योग, ध्यान और आत्मज्ञान का प्रथम गुरु भी कहा जाता है. भारतीय दर्शन में आदियोगी की अवधारणा केवल धार्मिक आस्था नहीं, बल्कि योग परंपरा और आध्यात्मिक चिंतन का महत्वपूर्ण आधार मानी जाती है.

'आदि' का अर्थ होता है शुरुआत और 'योगी' का अर्थ है योग का साधक. इस प्रकार आदियोगी का अर्थ हुआ पहला योगी. सनातन मान्यताओं के अनुसार भगवान शिव ने सबसे पहले योग के गूढ़ रहस्यों को जाना और फिर मानव कल्याण के लिए उन्हें संसार तक पहुंचाया. इसलिए योग की शुरुआत का श्रेय भी उन्हें ही दिया जाता है.

क्या है प्राचीन कथाएं?

प्राचीन कथाओं के अनुसार भगवान शिव लंबे समय तक गहन ध्यान में लीन रहते थे. उनकी तपस्या और ज्ञान से प्रभावित होकर कई साधकों ने उनसे योग सीखने की इच्छा जताई. प्रारंभ में शिव ने उनकी पात्रता की परीक्षा ली. जब उन्हें विश्वास हुआ कि वे ज्ञान प्राप्त करने योग्य हैं, तब उन्होंने योग का संपूर्ण ज्ञान प्रदान किया. यही सात साधक आगे चलकर सप्तऋषि कहलाए. मान्यता है कि सप्तऋषियों ने विश्व के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर योग और आध्यात्मिक ज्ञान का प्रचार प्रसार किया.


भारतीय योग परंपरा में योग केवल शारीरिक व्यायाम या आसनों तक सीमित नहीं है. योग का वास्तविक उद्देश्य मन, शरीर और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करना माना गया है. भगवान शिव ने योग को आत्मज्ञान, मानसिक शांति और आंतरिक जागृति का मार्ग बताया. इसी कारण ध्यान, प्राणायाम और साधना को भी योग के महत्वपूर्ण अंग माना जाता है.

क्या मिलता है संदेश?

भगवान शिव की प्रतिमाओं और चित्रों में उन्हें प्रायः ध्यान मुद्रा में दर्शाया जाता है. यह मुद्रा केवल आध्यात्मिक प्रतीक नहीं, बल्कि यह संदेश भी देती है कि जीवन की कठिन परिस्थितियों में भी मन को शांत, स्थिर और संतुलित रखना ही सच्चा योग है. यही शिक्षा आज के तनावपूर्ण जीवन में भी अत्यंत प्रासंगिक मानी जाती है.