आखिर महाभारत में इन चार महायोद्धाओं ने क्यों नहीं लिया भाग? जो चाहते तो बदल देते युद्ध का परिणाम
महाभारत युद्ध में चार शक्तिशाली व्यक्तित्वों ने हिस्सा नहीं लिया. मान्यता है कि यदि ये युद्ध में उतरते तो युद्ध का परिणाम बदल सकता था. चलिए जानते हैं कौन हैं वे महायोद्धा.
नई दिल्ली: महाभारत का युद्ध भारतीय इतिहास और पौराणिक परंपराओं में सबसे महत्वपूर्ण युद्धों में से एक माना जाता है. यह युद्ध धर्म और अधर्म के संघर्ष का प्रतीक माना जाता है. 18 दिनों तक चले इस महायुद्ध में लाखों योद्धाओं ने भाग लिया था. कौरवों और पांडवों की सेनाओं के बीच हुए इस संघर्ष में कई महान योद्धाओं ने अपनी वीरता दिखाई. हालांकि कुछ ऐसे भी महाशक्तिशाली योद्धा थे, जिन्होंने युद्ध में भाग नहीं लिया. मान्यता है कि यदि ये योद्धा युद्ध में उतरते, तो परिणाम अलग हो सकता था.
पहला नाम भगवान श्रीकृष्ण के बड़े भाई बलराम का आता है. बलराम जी को शेषनाग का अवतार माना जाता है और वे अत्यंत शक्तिशाली योद्धा थे. दुर्योधन उनके प्रिय शिष्यों में से एक था. इसके बावजूद उन्होंने महाभारत युद्ध में किसी भी पक्ष का समर्थन नहीं किया. श्रीकृष्ण जहां पांडवों के साथ थे, वहीं बलराम ने तटस्थ रहना उचित समझा और युद्ध के दौरान तीर्थ यात्रा पर निकल गए.
दूसरे महायोद्धा
दूसरे महायोद्धा रुक्मी थे, जो रुक्मिणी के भाई और विदर्भ के राजकुमार थे. वे महान धनुर्धर माने जाते थे. महाभारत युद्ध के दौरान उन्होंने दोनों पक्षों को अपनी सहायता देने की इच्छा जताई थी, लेकिन न तो पांडवों और न ही कौरवों ने उनका प्रस्ताव स्वीकार किया. इसके कारण रुक्मी युद्ध में शामिल नहीं हो सके.
Also Read
तीसरा महायोद्धा
तीसरा नाम बर्बरीक का है, जिन्हें भीम का पौत्र माना जाता है. बर्बरीक के पास केवल तीन बाण थे लेकिन उनकी शक्ति असाधारण बताई जाती है. उन्होंने प्रतिज्ञा की थी कि वे हमेशा कमजोर पक्ष का साथ देंगे. श्रीकृष्ण को आशंका थी कि उनकी यह प्रतिज्ञा युद्ध को अनंत बना सकती है. इसलिए उन्होंने बर्बरीक से दान में उनका शीश मांग लिया. बर्बरीक ने खुशी-खुशी अपना शीश दान कर दिया और युद्ध में भाग नहीं लिया.
चौथे महायोद्धा
चौथे महान व्यक्ति विदुर थे. विदुर अपनी बुद्धिमत्ता, नीति और धर्मप्रियता के लिए प्रसिद्ध थे. वे धृतराष्ट्र के सलाहकार थे और हमेशा न्याय का समर्थन करते थे. दुर्योधन द्वारा अपमानित किए जाने के बाद उन्होंने राजसभा और युद्ध दोनों से दूरी बना ली. उन्होंने किसी भी पक्ष का समर्थन नहीं किया और तटस्थ बने रहे.
महाभारत की कथाओं के अनुसार इन चारों व्यक्तित्वों के पास ऐसी क्षमता थी कि वे युद्ध की दिशा और परिणाम को प्रभावित कर सकते थे लेकिन परिस्थितियों, सिद्धांतों और व्यक्तिगत निर्णयों के कारण उन्होंने युद्ध में भाग नहीं लिया.