पश्चिम बंगाल में बीजेपी सरकार का गठन, सुवेंदु अधिकारी ने CM पद की शपथ ली; पांच मंत्रियों को कैबिनेट में मिली जगह
पश्चिम Bengal में बीजेपी की ऐतिहासिक जीत के बाद सुवेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली. दिलीप घोष, अग्निमित्रा पॉल, निशीथ प्रमाणिक, क्षुदिराम टुडू और अशोक किर्तनिया को मंत्री बनाया गया। जानिए नए मंत्रिमंडल की पूरी प्रोफाइल.
पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की एतिहासिक जीत के बाद शनिवार का सुवेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री की शपथ ली. इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने अपने मंत्रिमंडल का गठन का करते हुए पांच नेताओं को मंत्रिमंडल में शामिल किया है. आइए आपको बताते हैं कि पश्चिम बंगाल में बीजेपी की पहली सरकार के मंत्रिमंडल में किन पांच नेताओं को जगह मिली है.
सुवेंदु अधिकारी के साथ पांच मंत्रियों ने ली शपथ
राजभवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में सुवेंदु मंत्रिमंडल के पांच मंत्रियों को भी राज्यपाल ने शपथ दिलाई है. नई केबिनेट में दिलीप घोष, अग्निमित्रा पॉल, निशीथ प्रमाणिक, क्षुदिराम टुडू और अशोक किर्तनिया को मंत्री बनाया गया है. बीजेपी ने क्षेत्रीय और सामाजिक संतुलन साधने की कोशिश करते हुए इन नेताओं को मंत्रिमंडल में जगह दी है.
दिलीप घोष
दिलीप घोष बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं में गिने जाते हैं. वह पश्चिम बंगाल बीजेपी के अध्यक्ष भी रह चुके हैं. राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ से जुड़े रहे दिलीप घोष ने 2014 के बाद बंगाल बीजेपी का संगठन मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई. वह मेदिनीपुर लोकसभा सीट से सांसद भी रह चुके हैं.
अग्निमित्रा पॉल
फैशन डिजाइनर के पेशे से राजनीति में आईं अग्निमित्रा पॉल बंगाल बीजेपी केबिनेट की फिलहाल एकमात्र महिला मंत्री हैं. उन्होंने 2019 में बीजेपी ज्वाइन की थी. बाद में उन्हें बीजेपी महिला मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया था. उसके बाद वर्ष 2021 में उन्हें बंगाल बीजेपी का महासचिव नियुक्त किया गया था.
अशोक किर्तनिया
अशोक किर्तनिया उत्तर 24 परगना जिले की बांगांव उत्तर सीट से बीजेपी के विधायक चुने गए हैं. वह मतुआ समुदाय के प्रभाव वाले क्षेत्र से आते हैं. व्यवसाय और स्थानीय संगठनात्मक राजनीति से जुड़े रहे किर्तनिया को बीजेपी ने सामाजिक समीकरणों को ध्यान में रखते हुए मंत्रिमंडल में शामिल किया है.
क्षुदिराम टुडू
क्षुदिराम टुडू बांकुरा जिले के आदिवासी नेता माने जाते हैं. वह जंगलमहल क्षेत्र की रानीबांध सीट का प्रतिनिधित्व करते हैं. बीजेपी लंबे समय से आदिवासी इलाकों में अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रही है और टुडू को इसी राणनीति का अहम चेहरा माना जा रहा है.
निशीथ प्रमाणिक
निशीथ प्रमाणिक उत्तर बंगाल में बीजेपी के युवा और प्रभावशाली नेताओं में शामिल हैं. वह पहले तृणमूल कांग्रेस में थे. लेकिन 2029 में बीजेपी में शामिल हो गए. जुलाई 2021 में उन्हें केंद्र सरकार में गृह मंत्रालय और युवा मामले एवं खेल मंत्रालय में राज्यमंत्री बनाया गया था। 35 साल की उम्र में मंत्री बनकर उन्होंने राष्ट्रीय राजनीति में भी पहचान बनाई.