जंगल की आग में झुलसा चिली, देखें खौफनाक फोटोज


Om Pratap
05 Feb 2024

100 से अधिक लोगों की मौत

    चिली के जंगलों में भीषण आग लगने का आज तीसरा दिन है. आग से अब तक 100 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है. आग से सबसे ज्यादा प्रभावित इलाकों की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हैं.

1600 घर जलकर तबाह

    रिपोर्ट्स के मुताबिक, चिली के जंगलों में आग लगने से कम से कम 1600 घर जलकर तबाह हो गए हैं. वहीं, सबसे ज्यादा प्रभावित इलाकों में विना डेल मार शहर शामिल है.

आसमान में दिखा धुएं का काला गुब्बार

    विना डेल मार शहर में 1931 में स्थापित एक वनस्पति उद्यान आग की लपटों में जलकर राख हो गया. सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीरों में काफी दूर तक आसमान में धुएं का काला गुब्बार दिख रहा था.

संभलने तक का मौका नहीं मिला

    विना डेल मार के पूर्वी किनारे वाले शहर भी आग की लपटों और धुएं से घिर गए. कहा जा रहा है कि आग इतनी तेजी से फैली की लोगों को संभलने का मौका नहीं मिला.

आग के बीच घरों में फंसे लोग

    आग के तेजी से फैलने के बाद कुछ लोग अपने घरों में फंस गए और आखिरकार आग से झुलसने के बाद उनकी मौत हो गई. विना डेल मार और आसपास के इलाके में 200 लोगों के लापता होने की सूचना है.

112 लोगों की मौत की पुष्टि

    तीन लाख लोगों की आबादी वाला विना डेल मार शहर समुद्र के किनारे मौजूद है, जहां लोग घूमने आते हैं. फिलहाल, चिली की फोरेंसिक मेडिसिन सेवा ने 112 लोगों की मौत की पुष्टि की है.

बढ़ सकता है मृतकों का आंकड़ा

    बताया जा रहा है कि मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है. बचावकर्मी आग से घिरे और जले लोगों में रेस्क्यू ऑपरेशन चला रहे हैं. आग से झुलसे घायलों में कुछ लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है.

जानबूझकर लगाई आग

    वलपरिसो इलाके के गवर्नर रोड्रिगो मुंडाका ने रविवार को कहा कि उनका मानना ​​​​है कि कुछ आग जानबूझकर लगाई गई हो सकती हैं. हमें यह पता लगाने के लिए सख्ती से काम करना होगा कि कौन जिम्मेदार है.

आग पर काबू पाने में मुश्किलें

    विना डेल मार के आसपास की आग पहाड़ी जंगली इलाकों में शुरू हुई. अधिकारियों के मुताबिक, तेज हवा की गति के कारण मध्य चिली में जंगल की आग पर काबू पाना मुश्किल हो रहा है.

30 वर्ग मील जंगल जला

    अधिकारियों ने बताया कि आग फिलहाल अब तक 8,000 हेक्टेयर यानी 30 वर्ग मील जंगल और शहरी क्षेत्रों को जला चुकी है.

दो दिन का राष्ट्रीय शोक

    आग से प्रभावित लोगों के आश्रय के लिए स्कूलों को कैंप के रूप में बदल दिया गया है. आग की घटना को लेकर चिली में दो दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की गई है.

दो इलाकों को सबसे ज्यादा नुकसान

    राष्ट्रपति गैब्रियल बोरिक ने कहा कि आग लगने की घटना के बाद हमारा देश बड़ी आपदा का सामना कर रहा है. सबसे ज्यादा नुकसान विना डेल मार और वलपाइसो को हुआ है.

More Stories