IPL 2026

अपने एक ग्राहक पर मेहरबान हुआ Zomato, 2 डिश की ऑर्डर पर मिला 5 लोगों का खाना और 600 रुपये का रिफंड

एक ओर जहां खाना पहुंचाने वाली कंपनी टैक्स बढ़ा कर लोगों की मुसीबत बढ़ा रही है. वहीं दूसरी ओर एक महिला को कंपनी की लापरवाही से बड़ा फायदा मिल गया है. सोशल मीडिया पर यह वीडियो वायरल हो रहा है.

IG (shatakshee_kar)
Shanu Sharma

सोशल पर अक्सर कई वीडियो आते रहते हैं. ऐसा ही एक वीडियो सामने आया है. यह वीडियो दिल्ली की रहने वाली महिला का है जिसमें ग्राहक को फायदा मिला और Zomato को नुकसान हुआ है. इसके बारे में खुद महिला ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर जानकारी दी. 

महिला ने बताया कि Zomato से सिर्फ दो डिश ऑर्डर करने पर पांच लोगों के खाने जितना भारी-भरकम खाना मिल गया. इतना ही नहीं एक डिश के लिए 600 रुपये का रिफंड भी मिल गया. लोग इस पूरी घटना को दिलचस्प बता रहे हैं. एक ओर जहां अलग-अलग टैक्स के कारण ऑनलाइन खाना महंगा हो रहा है, वहीं किस्मत या मिस्टेक के कारण एक ग्राहको इतना ज्यादा फायदा मिल गया. 

क्या है पूरा मामला?

शताक्षी कर नाम की एक महिला ने बताया कि वे एडटेक कंपनी में क्रिएटिव मैनेजर हैं. उन्होंने बताया कि शनिवार को उन्हें ज्यादा भूख नहीं थी, फिर भी उन्होंने 'बर्मा बर्मा' रेस्टोरेंट से अपना पसंदीदा 'रॉ मैंगो सलाद' और एक प्लेट 'मॉक मीट स्किवर्स' ऑर्डर कर लिया. लेकिन जब डिलीवरी बॉय ने बैग दिया तो शताक्षी हैरान रह गईं. उन्होंने बताया कि वह बैग बहुत बड़ा और भारी था. ऑर्डर को देख शताक्षी ने डिलीवरी पार्टनर को ऑर्डर नंबर चेक करने को कहा. जिसके दोनों ने मिलाए और ऑर्डर नंबर उनका ही निकला. हालांकि कस्टमर का नाम और डिटेल्स किसी और की थीं.

Zomato सपोर्ट ने क्या कहा?

Zomato सपोर्ट से बात करने पर पता चला कि सिस्टम में गड़बड़ी हो गई थी. दोनों ऑर्डर में 'रॉ मैंगो सलाद' कॉमन था. इसी वजह से ऑर्डर मिक्स हो गया. Zomato के कस्टमर केयर एग्जीक्यूटिव ने फोन करके बताया कि रेस्टोरेंट वाले भी इस गड़बड़ी से हैरान हैं. चूंकि रॉ मैंगो सलाद शताक्षी को पहले ही मिल चुका था, इसलिए दूसरी डिश के लिए उन्हें 600 रुपये का रिफंड कर दिया गया. शताक्षी ने कहा कि मुझे मुफ्त में इतना सारा खाना मिल गया जिसे मैं अकेले खत्म नहीं कर पाई, साथ में रिफंड भी मिल गया. शताक्षी ने इस घटना की रील इंस्टाग्राम पर डाली. इस रील को 7,000 से ज्यादा लाइक्स मिले, कई लोगों ने कमेंट में अपने अनुभव शेयर किए.