Video: 9 से 5 की नौकरी करने वाली महिला ने बिना होम लोन खरीदा 70 लाख का घर, बताया बचत का खास फॉर्मूला
महाराष्ट्र की एक महिला ने तीन साल की बचत और बेहतर वित्तीय योजना के दम पर बिना होम लोन 70 लाख रुपये का घर खरीदा. उनकी कहानी सोशल मीडिया पर चर्चा में है.
अपना घर खरीदने के लिए अक्सर लोग होम लोन का सहारा लेते हैं, लेकिन महाराष्ट्र के शहाड़ की रहने वाली एक महिला ने बिना कर्ज लिए 70 लाख रुपये का घर खरीदकर मिसाल पेश की है. महिला ने सोशल मीडिया पर अपनी तीन साल की बचत की कहानी साझा की है.
उनके मुताबिक, फ्लैट की कीमत 60 लाख रुपये थी, जबकि इंटीरियर और अन्य खर्च मिलाकर कुल लागत करीब 70 लाख रुपये पहुंच गई. उन्होंने यह पूरी रकम तीन साल में जुटाई. पहले साल 4 लाख, दूसरे साल 5.5 लाख और तीसरे साल 9.5 लाख रुपये बचाए. इसके अलावा एक लाख रुपये का इमरजेंसी फंड भी अलग रखा.
बचत के लिए अपनाया दो बैंक खातों का फॉर्मूला
महिला ने बचत के लिए दो अलग-अलग बैंक खाते बनाए थे. इनमें पहला सैलरी अकाउंट और दूसरा ड्रीम अकाउंट था. वेतन मिलते ही वह उसका बड़ा हिस्सा ड्रीम अकाउंट में ट्रांसफर कर देती थीं. इस खाते से जुड़ा कोई डेबिट या क्रेडिट कार्ड नहीं था, ताकि पैसे निकालकर फिजूलखर्ची करने की गुंजाइश न रहे.
Also Read
बिल्डर से समझौता कर नहीं लिया होम लोन
महिला ने शुरुआत में घर खरीदने के लिए होम लोन लेने के बारे में सोचा था. हालांकि, पिता की सलाह पर उन्होंने बिल्डर से सीधे बातचीत की. चूंकि फ्लैट निर्माणाधीन था, इसलिए उन्होंने बिल्डर को 36 महीने तक हर महीने एक लाख रुपये देने का प्रस्ताव दिया. इसके अलावा पजेशन के समय बाकी 8 लाख रुपये चुकाने पर सहमति बनी.
सेल्स की नौकरी और किराये से हुई अतिरिक्त कमाई
महिला की बचत योजना में उनकी सेल्स की नौकरी ने अहम भूमिका निभाई. उन्हें वेतन के अलावा हर महीने करीब 1 से 1.5 लाख रुपये तक इंसेंटिव मिलता था. उन्होंने इस अतिरिक्त कमाई को खर्च करने के बजाय बचत में लगाया.
उन्होंने अपना पुराना घर भी नहीं बेचा. इसके बजाय उसका रिनोवेशन कराया और उसे किराये पर दे दिया. इससे उनकी आमदनी का एक अतिरिक्त जरिया तैयार हो गया. महिला ने अपनी कहानी के जरिए लोगों को संदेश दिया कि सही योजना और अनुशासन के साथ बड़े वित्तीय लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं.
सोशल मीडिया पर हो रही तारीफ
महिला की इस उपलब्धि की सोशल मीडिया पर जमकर तारीफ हो रही है. कई यूजर्स ने उनकी बचत की आदत और आर्थिक अनुशासन को प्रेरणादायक बताया. एक यूजर ने उन्हें दूसरों को प्रेरित करने के लिए धन्यवाद दिया, जबकि एक महिला ने उनकी सफलता पर गर्व जताया.