आप भी हैं ट्रैवलिंग पगलू? इस जॉब के लिए अभी करें अप्लाई, 6 महीने दुनिया घूमने के मिलेंगे 95 लाख रुपये

वर्जिन ग्रुप ने एक खास तरह की नौकरी निकाली है. सिर्फ आपको घूमना है और इसके बदले कंपनी आपको 95 लाख देगी.

Pinterest
Reepu Kumari

अगर आपको घूमना, नए अनुभव जुटाना और उन्हें वीडियो के जरिए लोगों तक पहुंचाना पसंद है, तो वर्जिन ग्रुप की यह नौकरी आपके लिए खास हो सकती है. कंपनी ने ‘हेड ऑफ यस’ पद के लिए आवेदन मांगे हैं. इस छह महीने की नौकरी में चुने गए व्यक्ति को दुनिया की अलग-अलग जगहों पर जाकर खास पलों को कैमरे में कैद करना होगा. वेतन एक लाख डॉलर तक है और आवेदन की अंतिम तारीख 20 अक्टूबर है.

घूमने का शौक दिला सकता है लाखों की सैलरी

व्यक्ति को छह महीने तक दुनिया की अलग-अलग जगहों पर घूमने और अपने अनुभव साझा करने का मौका मिलेगा. कंपनी ने इस पद का नाम ‘हेड ऑफ यस’ रखा है. इसके लिए एक लाख डॉलर तक वेतन निर्धारित किया गया है, जो भारतीय मुद्रा में करीब 95 लाख रुपये बताया गया है.

‘हेड ऑफ यस’ बनकर क्या करना होगा?

इस पद पर चुने गए व्यक्ति को वर्जिन रेड के साथ दुनिया की शानदार जगहों, रोमांचक गतिविधियों और अनोखे अनुभवों को वीडियो और तस्वीरों के जरिए दिखाना होगा. काम का उद्देश्य केवल घूमना नहीं, बल्कि उन पलों को कहानी में बदलना है, जो दूसरों को भी कुछ नया आजमाने के लिए प्रेरित कर सकें. कंपनी चाहती है कि कंटेंट में वास्तविक अनुभव और अलग अंदाज नजर आए.


एक लाख डॉलर तक वेतन, छह महीने की नौकरी

वर्जिन ग्रुप की इस नौकरी में अमेरिका के उम्मीदवारों के लिए एक लाख डॉलर और ब्रिटेन के उम्मीदवारों के लिए 75 हजार पाउंड वेतन तय किया गया है. भारतीय मुद्रा में एक लाख डॉलर की रकम करीब 95 लाख रुपये बताई गई है. नौकरी जनवरी 2027 में शुरू होकर छह महीने चलेगी. हालांकि, यह अवसर हर देश के आवेदकों के लिए उपलब्ध है या नहीं, इसकी जानकारी आवेदन से पहले आधिकारिक शर्तों में जांचना जरूरी है.

20 अक्टूबर तक ऐसे कर सकते हैं आवेदन

आवेदन के लिए इच्छुक उम्मीदवार को एक छोटा वीडियो बनाना होगा. इसमें उन्हें बताना होगा कि उन्होंने कब किसी रोमांचक या चुनौतीपूर्ण काम के लिए ‘हां’ कहा था. इस वीडियो को Instagram, YouTube या TikTok पर #HeadOfYes हैशटैग के साथ पोस्ट करना होगा और @Virgin को टैग करना होगा. आवेदन की अंतिम तारीख 20 अक्टूबर रात 11:59 बजे बताई गई है. इच्छुक उम्मीदवारों को आवेदन से पहले कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट पर पात्रता, निवास संबंधी शर्तें और अन्य नियम जरूर जांच लेने चाहिए.

फॉलोअर्स नहीं, आपके अनुभव और कहानी मायने रखेंगे

आजकल कंटेंट क्रिएटर की नौकरियों में सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में फॉलोअर्स को अहम माना जाता है, लेकिन इस पद के लिए कंपनी ने इसे अनिवार्य नहीं बताया है. आवेदन करने के लिए पेशेवर शो-रील होना भी जरूरी नहीं है. रिचर्ड ब्रैनसन ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर इस अवसर को सामान्य नौकरी या लॉटरी से अलग बताते हुए योग्यता के आधार पर मिलने वाला वेतन वाला पद बताया.