सोता रहा दुकानदार, 8 करोड़ का माल लेकर चलता बना शख्स, वीडियो देख लोग हैरान

सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में कथित तौर पर सोते हुए दुकानदार की दुकान से बैग चोरी होते हुए दिखाया गया है. वीडियो के साथ 5 किलो सोना और 12 किलो चांदी चोरी होने का दावा किया जा रहा है. चलिए जानते हैं क्या है पूरा मामला.

@AnjaliKumari009 X Account
Km Jaya

नई दिल्ली: सोशल मीडिया पर इन दिनों एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने लोगों को हैरानी में डाल दिया है. वीडियो में एक बुजुर्ग व्यक्ति कथित तौर पर अपनी दुकान के अंदर गहरी नींद में सोता हुआ नजर आता है. इसी दौरान एक व्यक्ति दुकान में रखे ड्रॉवर से बैग निकालकर ले जाता दिखाई देता है. वीडियो के साथ किए जा रहे दावे ने इंटरनेट पर बहस छेड़ दी है.

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि बुजुर्ग व्यक्ति तकिया लगाकर आराम से सो रहा है. तभी एक शख्स चुपचाप दुकान के अंदर पहुंचता है और ड्रॉवर से एक बैग निकालकर वहां से चला जाता है. कुछ देर बाद वही व्यक्ति दोबारा आता है और ड्रॉवर को बंद कर देता है. इस बार बुजुर्ग की नींद खुलती हुई दिखाई देती है, लेकिन इसके बाद क्या हुआ, वीडियो में नहीं दिखाया गया है.


कितनी था समान की कीमत?

वीडियो के साथ सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि यह एक ज्वेलरी शॉप है और बैग में करीब 5 किलो सोना तथा 12 किलो चांदी रखी हुई थी. दावा यह भी किया जा रहा है कि चोरी हुए सामान की कीमत 8 करोड़ रुपये से अधिक हो सकती है. हालांकि इस दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है और वीडियो की वास्तविक जगह, समय तथा घटना के बारे में कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.

सोशल मीडिया पर वीडियो को लाखों लोग देख चुके हैं. वीडियो वायरल होने के बाद यूजर्स अपनी-अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं. कुछ लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं, जबकि कई यूजर्स वीडियो में किए गए दावे पर संदेह जता रहे हैं.

यूजर ने क्या की टिप्पणी?

एक यूजर ने टिप्पणी करते हुए लिखा कि सोने की दुकान में इस तरह लापरवाही करना समझ से परे है. वहीं दूसरे यूजर का कहना था कि यदि चोरी हुई है और घटना सीसीटीवी में रिकॉर्ड हुई है तो पुलिस के लिए आरोपी तक पहुंचना आसान हो सकता है. कुछ लोगों ने यह भी अनुमान लगाया कि आरोपी को पहले से दुकान और दुकानदार की दिनचर्या की जानकारी रही होगी.

हालांकि कई सोशल मीडिया यूजर्स ने वायरल दावे पर सवाल उठाए हैं. उनका कहना है कि छोटी ज्वेलरी दुकानों में आमतौर पर इतनी बड़ी मात्रा में सोना और चांदी नहीं रखी जाती. इसलिए वीडियो के साथ किए जा रहे करोड़ों रुपये की चोरी के दावे की सत्यता की पुष्टि होना जरूरी है.

फिलहाल यह वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है लेकिन जब तक संबंधित अधिकारियों या पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आती, तब तक वायरल दावे को सत्य मानना उचित नहीं होगा.