नवजात को उल्टा लटकाकर झुलाने का वीडियो वायरल, भड़के लोग; की सख्त कार्रवाई की मांग
सोशल मीडिया पर हर दिन हजारों वीडियो वायरल होते हैं. इनमें कुछ वीडियो लोगों के चेहरे पर मुस्कान लाते हैं, तो कुछ ऐसे होते हैं जिन्हें देखकर चिंता और गुस्सा दोनों बढ़ जाते हैं. इन दिनों एक ऐसा ही वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है.
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में एक व्यक्ति नवजात बच्चे को बेहद खतरनाक तरीके से पकड़कर झुलाता नजर आ रहा है. वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने कड़ी नाराजगी जाहिर की है और जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.
वायरल वीडियो में एक व्यक्ति अस्पताल जैसे माहौल में दिखाई देता है. उसके हाथ में एक नवजात बच्चा है, जिसे वह पैरों की तरफ से पकड़कर उल्टा लटकाए हुए नजर आता है. वीडियो में आसपास कुछ अन्य लोग भी मौजूद दिखाई देते हैं, लेकिन किसी को भी उसे रोकते हुए नहीं देखा जा सकता.
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
वीडियो की शुरुआत में व्यक्ति बच्चे को धीरे-धीरे झुलाता है, लेकिन कुछ ही क्षणों बाद उसकी हरकतें अधिक तेज और आक्रामक दिखाई देने लगती हैं. वह नवजात को ऊपर-नीचे तेजी से घुमाता है, जिसे देखकर किसी भी व्यक्ति की चिंता बढ़ सकती है. वीडियो देखने वाले कई लोगों ने इसे बेहद लापरवाह और गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार बताया है.
Also Read
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं. कई लोगों का कहना है कि नवजात बच्चों के साथ इस तरह का व्यवहार किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता. लोगों का मानना है कि मनोरंजन, लोकप्रियता या सोशल मीडिया पर ध्यान आकर्षित करने के लिए किसी मासूम की सुरक्षा को खतरे में डालना गंभीर लापरवाही है. हालांकि वीडियो में दिख रही घटना कहां की है, यह कब रिकॉर्ड की गई और वीडियो में नजर आ रहा व्यक्ति कौन है, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है. इसके बावजूद वीडियो ने लोगों के बीच बहस छेड़ दी है.
सोशल मीडिया यूजर ने उठाई कार्रवाई की मांग
यह वीडियो एक्स पर सचिन यादव नामक एक यूजर द्वारा साझा किया गया है. वीडियो पोस्ट करते हुए उन्होंने लिखा कि अस्पताल का यह दृश्य लोगों को झकझोर देने वाला है. उन्होंने कहा कि कुछ लाइक्स और व्यूज पाने के लिए किसी नवजात की सुरक्षा से खिलवाड़ करना बेहद गैर-जिम्मेदाराना हरकत है. यूजर ने आगे लिखा कि सोशल मीडिया की लोकप्रियता किसी मासूम की जिंदगी से बड़ी नहीं हो सकती. उन्होंने संबंधित व्यक्ति की पहचान कर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग भी की.
वीडियो के कमेंट सेक्शन में भी बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी प्रतिक्रिया दी है. कई यूजर्स ने कहा कि यदि वीडियो में दिख रही घटना वास्तविक है तो जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए. कुछ लोगों ने इसे बच्चों की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला बताया, जबकि कुछ ने इस तरह की हरकत करने वाले व्यक्ति की मानसिक स्थिति पर सवाल उठाए.