menu-icon
India Daily

'दारू पिलाओगे तभी आगे जाऊंगा...', गुड़गांव में Uber ऑटो वाले ने बीच रास्ते ठेके पर रोकी गाड़ी; वीडियो वायरल

गुड़गांव से वायरल हो रही एक वीडियो में Uber ऑटो वाले ने बीच रास्ते ठेके पर गाड़ी रोक दी. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है...

Ashutosh Rai
Edited By: Ashutosh Rai
'दारू पिलाओगे तभी आगे जाऊंगा...', गुड़गांव में Uber ऑटो वाले ने बीच रास्ते ठेके पर रोकी गाड़ी; वीडियो वायरल
Courtesy: X

देश के मिलेनियम सिटी गुड़गांव से एक बेहद हैरान करने वाला और अजीबोगरीब मामला सामने आया है. यहां एक उबर ऑटो ड्राइवर ने सवारी को बीच रास्ते एक शराब के ठेके पर ले जाकर खड़ा कर दिया और आगे जाने के लिए एक बेतुकी शर्त रख दी. ड्राइवर ने साफ कह दिया कि कस्टमर उसे शराब की बोतल खरीद कर देगा, तभी वह ऑटो को अपनी जगह से आगे बढ़ाएगा. इस मनमानी से परेशान कस्टमर ने तुरंत इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जो अब इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है.

कैमरा ऑन करते बदल गए सुर

यह अजीबोगरीब घटना इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर मानव (@usuallymanav) के साथ घटी है. मानव ने हमेशा की तरह अपनी उबर राइड बुक की थी, लेकिन विजय नाम का यह ड्राइवर उन्हें उनकी लोकेशन पर ले जाने के बजाय सीधे गुड़गांव के एक ठेके के सामने ले गया. मानव ने जब इस बदतमीजी का विरोध किया और सबूत के तौर पर अपने फोन का कैमरा ऑन किया, तो कैमरा देखते ही ऑटो वाले के सुर पूरी तरह से बदल गए. जो शख्स कुछ सेकंड पहले तक दारू की डिमांड कर रहा था, वह कैमरे के सामने अचानक अपनी ऑटो खराब होने का बहाना बनाने लगा और अजीब तर्क देने लगा कि अगर इस खराब हालत में एक्सीडेंट हो गया तो उसकी जिम्मेदारी कौन लेगा.

राहगीर को भी सुनाई झूठी कहानी

मानव ने इस पूरी घटना की क्लिप्स को दो हिस्सों में अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर शेयर किया है. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि ऑटो वाला लगातार रिकॉर्डिंग से चिढ़ रहा है और अपनी गलती मानने को तैयार नहीं है. बचाव के लिए जब मानव ऑटो से उतरकर पास ही खड़े एक अन्य कैब ड्राइवर को अपनी परेशानी बताते हैं, तो वे अंकल भी मानव का समर्थन करते हैं. वह ऑटो वाले को समझाने की कोशिश करते हैं, लेकिन विजय वहां भी ऑटो खराब होने की झूठी कहानी दोहराता रहता है. अंत में, जब इन्फ्लुएंसर ने शराब दिलाने से दो टूक इनकार कर दिया, तो ऑटो वाले ने खुन्नस में आकर बीच रास्ते ही राइड कैंसिल कर दी.

घटना का वीडियो वायरल

इस घटना का वीडियो वायरल होते ही सोशल मीडिया यूजर्स का गुस्सा फूट पड़ा. एक यूजर ने लिखा कि इस ड्राइवर के हाव-भाव ही बता रहे हैं कि असल में गलती किसकी है. बढ़ते बवाल को देखकर उबर कंपनी को भी सामने आना पड़ा.

कंपनी ने लिया एक्शन

कंपनी ने मानव की वायरल पोस्ट पर आधिकारिक जवाब देते हुए कहा कि ऐसा बर्ताव पूरी तरह से अस्वीकार्य है और उबर की नीतियों के सख्त खिलाफ है. कंपनी ने तुरंत एक्शन लेते हुए उस ड्राइवर को अपने प्लेटफॉर्म से हमेशा के लिए बैन कर दिया है.