सूट, खुली शर्ट और सनग्लासेस... 80s के रेट्रो अवतार में छाए पीयूष गोयल, तस्वीर देखते ही सोशल मीडिया पर मची हलचल

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल का AI से तैयार 80 के दशक वाला रेट्रो लुक सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है. नीले सूट और सनग्लासेज में उनकी तस्वीर पर यूजर्स ने जमकर प्रतिक्रियाएं दीं.

Instagram
Meenu Singh

केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल इन दिनों व्यापार और शुल्क जैसे गंभीर मुद्दों से अलग अपने नए अंदाज को लेकर चर्चा में हैं. उन्होंने इंस्टाग्राम पर एआई से बनाई गई अपनी एक तस्वीर साझा की, जिसमें वह 80 के दशक के फैशन में नजर आए. नीला सूट, खुली कॉलर वाली शर्ट और धूप का चश्मा पहने गोयल का यह रेट्रो अंदाज सामने आते ही सोशल मीडिया यूजर्स के बीच चर्चा का विषय बन गया. अब उनके इन फोटोज पर युवाओं की जमकर प्रतिक्रिया आ रही है. 

80s के अंदाज में दिखे पीयूष गोयल

पीयूष गोयल ने अपनी तस्वीर के साथ 80 के दशक के ट्रेंड का आनंद लेने की बात लिखी. तस्वीर में वह नीले रंग के सूट और खुली कॉलर वाली शर्ट में दिखाई दे रहे हैं. आंखों पर धूप का चश्मा उनके लुक को और खास बना रहा है. साथ ही उन्होंने अपने फोटो के कैप्शन में लिखा कि, '80 के दशक के ट्रेंड का आनंद ले रहा हूं.' केंद्रीय मंत्री का यह अलग रूप लोगों को काफी पसंद आया.


यूजर्स ने जमकर की तारीफ

तस्वीर पोस्ट होने के बाद कमेंट सेक्शन में लोगों ने अपने-अपने अंदाज में प्रतिक्रिया दी. कुछ यूजर्स ने उनके लुक की तारीफ की, जबकि कई लोगों ने इसे पुरानी यादों से जोड़ दिया. एक यूजर ने उनके पुराने दौर की याद दिलाने वाला अंदाज बताया. वहीं, दूसरे यूजर ने उनके लुक को दिग्गज अभिनेता विनोद खन्ना से मिलता-जुलता बताया.

जितेंद्र और मिथुन का भी आया नाम

गोयल के रेट्रो अवतार की तुलना बॉलीवुड के कई पुराने सितारों से की गई. एक यूजर ने मजाकिया अंदाज में पूछा कि वह जितेंद्र जैसे लग रहे हैं या मिथुन दा जैसे. तो वहीं दूसरे यूजर ने कहा कि गोयल को कभी-कभी सम्मेलनों में भी इसी तरह का पहनावा अपनाना चाहिए. उनके इस तरह तस्वीर ने राजनीति से हटकर मनोरंजन वाली चर्चा छेड़ दी.

सोशल मीडिया ट्रेंड से जुड़ते नेता

पीयूष गोयल की यह पोस्ट उस बदलाव की ओर भी इशारा करती है, जहां राजनेता सोशल मीडिया के नए ट्रेंड के जरिए लोगों से जुड़ने की कोशिश करते नजर आते हैं. एक यूजर ने उनके पहनावे की तारीफ करते हुए कहा कि राजनेताओं को अच्छे कपड़े पहनने चाहिए. वहीं, एक अन्य टिप्पणी में उनके व्यक्तित्व के साथ वित्तीय मामलों की समझ की भी तारीफ की गई.