menu-icon
India Daily

नॉर्वे का 'Viking Row' बना वर्ल्ड कप का नया सेंसेशन, सड़कों पर उमड़ा जश्न का सैलाब; देखें Video

फीफा वर्ल्ड कप 2026 में नॉर्वे की टीम ने सेनेगल को 3-2 से हराकर राउंड ऑफ 32 में जगह बना ली, लेकिन मैच के बाद खिलाड़ियों का ‘वाइकिंग रो’ सेलिब्रेशन दुनियाभर में चर्चा का विषय बन गया। नॉर्वे की समुद्री विरासत से प्रेरित यह अनोखा जश्न अब केवल टीम की पहचान नहीं, बल्कि पूरे टूर्नामेंट का वायरल सेंसेशन बन चुका है।

shanu
Edited By: Shanu Sharma
नॉर्वे का 'Viking Row' बना वर्ल्ड कप का नया सेंसेशन, सड़कों पर उमड़ा जश्न का सैलाब; देखें Video
Courtesy: X (@TotalFootball,@ultras_clips)

फीफा वर्ल्ड कप 2026 में जहां बड़े खिलाड़ी और रोमांचक मुकाबले सुर्खियां बटोर रहे हैं, वहीं नॉर्वे की राष्ट्रीय फुटबॉल टीम का अनोखा 'वाइकिंग रो' सेलिब्रेशन पूरी दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींच रहा है.

सेनेगल के खिलाफ 3-2 की रोमांचक जीत के साथ नॉर्वे ने राउंड ऑफ 32 में अपनी जगह पक्की कर ली, लेकिन मैच के बाद मैदान पर दिखा जश्न चर्चा का सबसे बड़ा विषय बन गया.

जीत के बाद मैदान पर दिखा अनोखा नजारा

नॉर्वे के खिलाड़ियों ने जीत के बाद मैदान पर बैठकर नाव चलाने की शैली में सामूहिक प्रदर्शन किया, जिसे 'वाइकिंग रो' नाम दिया गया है. यह जश्न अब सिर्फ एक सेलिब्रेशन नहीं, बल्कि नॉर्वे की खेल संस्कृति और राष्ट्रीय पहचान का प्रतीक बन चुका है. सेनेगल के खिलाफ अहम जीत के बाद नॉर्वे के स्टार स्ट्राइकर अर्लिंग हालैंड, कप्तान मार्टिन ओडेगार्ड और पूरी टीम मैदान पर बैठ गई. इसके बाद खिलाड़ियों ने एक साथ नाव खेने जैसी गतिविधि शुरू की, जिसे देखकर स्टेडियम में मौजूद हजारों समर्थक भी उत्साह से भर उठे.

हालैंड ने इस टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार गोल किए हैं, लेकिन मैच के बाद टीम का सामूहिक जश्न उनके प्रदर्शन से भी ज्यादा चर्चा में रहा. 'वाइकिंग रो' की प्रेरणा नॉर्वे की ऐतिहासिक समुद्री परंपरा और वाइकिंग संस्कृति से ली गई है. सदियों पहले वाइकिंग योद्धा लंबी नौकाओं में समुद्र पार कर यात्राएं करते थे. उसी विरासत को आधुनिक अंदाज में मैदान पर जीवंत किया जा रहा है. यही वजह है कि यह जश्न नॉर्वे के लोगों के लिए केवल खेल का हिस्सा नहीं, बल्कि अपनी सांस्कृतिक पहचान को प्रदर्शित करने का माध्यम भी बन गया है.

स्टेडियम से लेकर सड़कों तक दिखा उत्साह

पूरे टूर्नामेंट के दौरान नॉर्वे के समर्थकों को हर जगह 'वाइकिंग रो' करते देखा गया. फैन जोन, स्टेडियम, शहरों की सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर हजारों लोग इस ट्रेंड का हिस्सा बने. नॉर्वे की क्वालिफिकेशन से पहले न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वायर में भी बड़ी संख्या में समर्थक जुटे और सामूहिक रूप से 'रोइंग' करते नजर आए. यह दृश्य सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ और दुनियाभर में लोगों का ध्यान आकर्षित करने लगा. इस सेलिब्रेशन की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि यह खेल मैदान से निकलकर नॉर्वे की राजनीति तक पहुंच गया. वर्ल्ड कप में टीम की सफलता के समर्थन में नॉर्वे की संसद के कई सदस्यों ने भी सरकारी भवन के भीतर 'वाइकिंग रो' कर टीम का उत्साह बढ़ाया.