US Israel Iran War IPL 2026 Weather IMD

Noida Dowry Death Case: दहेज के लिए मारी गई निक्की भाटी का पुराना वीडियो वायरल, मर्सिडीज कार चलाते हुए बनाई रील

निक्की भाटी का एक पुराना वीडियो सामने आया है जिसमें वह मर्सिडीज कार चलाते हुए मुस्कुराती नजर आ रही हैं. ये वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

X
Garima Singh

Nikki Bhati Dowry Death Case: ग्रेटर नोएडा में हाल ही में दहेज़ हत्या कांड का एक खौफनाक मामला सामने आया था. जिसमे 28 साल की निक्की भाटी को उसके ससुराल वालों ने आग के हवाले कर दिया था. इस मामले में निक्की की मौत हो गई थी. अब निक्की का एक पुराना वीडियो सामने आया है जिसमें वह मर्सिडीज कार चलाते हुए मुस्कुराती नजर आ रही हैं. ये वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

पुलिस जांच के मुताबिक, निक्की का अपने पति विपिन भाटी के साथ उनके ब्यूटी पार्लर को फिर से खोलने की इच्छा को लेकर झगड़ा हुआ था. विपिन ने कथित तौर पर इसका विरोध करते हुए कहा, "हमारे परिवार में रील पोस्ट करना और पार्लर चलाने अनुमति नहीं है." यह छोटा-सा विवाद जल्द ही हिंसक मारपीट में बदल गया. पुलिस का दावा है कि इसके बाद विपिन ने निक्की पर थिनर डालकर आग लगा दी.

निक्की और कंचन की दहशत भरी कहानी 

निक्की और उनकी बहन कंचन की शादी दिसंबर 2016 में एक ही परिवार में हुई थी. निक्की ने विपिन भाटी से और कंचन ने उनके भाई रोहित भाटी से शादी की थी. निक्की के परिवार का आरोप है कि शादी के बाद से ही निक्की को दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित किया गया. ससुराल वालों को पहले ही एक स्कॉर्पियो एसयूवी, रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल, सोना और नकदी दी गई थी, लेकिन उनकी मांगें यहीं नहीं रुकीं. परिवार का दावा है कि ससुराल वाले 36 लाख रुपये की अतिरिक्त मांग कर रहे थे. दोनों बहनें मिलकर एक ब्यूटी पार्लर चलाती थीं और सोशल मीडिया पर इसके प्रचार के लिए इंस्टाग्राम और यूट्यूब का सहारा लेती थीं. उनके इंस्टाग्राम अकाउंट पर 58,000 से अधिक फॉलोअर्स थे, जहां निक्की की मर्सिडीज वाली वीडियो भी शेयर की गई थी.

21 अगस्त की खौफनाक रात 

निक्की के भाई ने बताया कि शादी के दो साल बाद से ही दहेज की मांग फिर से शुरू हो गई थी. पिछले नौ सालों में निक्की कई बार उत्पीड़न के कारण अपने मायके लौटीं, लेकिन हर बार "मामला सुलझने" के नाम पर उन्हें वापस ससुराल भेज दिया गया. 21 अगस्त को हुई इस भयावह घटना के वीडियो ने सबको स्तब्ध कर दिया. एक वीडियो में एक व्यक्ति निक्की पर थिनर डालते हुए दिखाई देता है, जो फर्श पर बैठी थीं. दूसरे वीडियो में विपिन उन्हें बेरहमी से पीट रहा है. तीसरे वीडियो में निक्की बुरी तरह जली हुई अवस्था में सीढ़ियों से गिरती दिखाई दे रही हैं.

कानूनी कार्रवाई और गिरफ्तारी

निक्की के छोटे बेटे और उनकी बहन कंचन की गवाही ने इस मामले में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. गवाही के आधार पर विपिन भाटी को शनिवार को गिरफ्तार किया गया और 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजा गया. उनकी मां दया भाटी को रविवार को और भाई रोहित भाटी को सोमवार को हिरासत में लिया गया. पुलिस इस मामले की गहन जांच कर रही है.