'पुलिस से नहीं... मम्मी से डर लगता है', प्रदर्शन में घर से फोन आने पर पुलिसवाले को थमा दिया मोबाइल; वीडियो वायरल
प्रदर्शन के दौरान एक युवक की मम्मी का फोन आया तो उसने खुद सफाई देने के बजाय मोबाइल पुलिस अधिकारी को थमा दिया. युवक ने अधिकारी से मम्मी को यह बताने के लिए कहा कि वह ट्यूशन में है.
प्रदर्शन के दौरान आमतौर पर नारेबाजी, पुलिस की मौजूदगी और प्रदर्शनकारियों के बीच तनाव का माहौल देखने को मिलता है. लेकिन सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो ने इस गंभीर माहौल को मजेदार बना दिया है. वीडियो में प्रदर्शन के दौरान एक युवक की मम्मी का फोन आता है और वह खुद बात करने के बजाय मोबाइल मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारी को थमा देता है.
वीडियो को देखकर ऐसा लगता है कि युवक प्रदर्शन में शामिल होने के लिए पहुंचा था. इसी दौरान उसकी मम्मी का फोन आ गया. अब युवक के सामने प्रदर्शन से ज्यादा बड़ी चुनौती घर पर अपनी लोकेशन को लेकर सफाई देने की थी. युवक ने फोन पर अपनी मम्मी से कहा कि वह ट्यूशन में है. इसके बाद उसने मोबाइल पुलिस अधिकारी की तरफ बढ़ाते हुए उनसे मम्मी से बात करने के लिए कह दिया.
Also Read
पुलिस अधिकारी ने बचाई युवक की 'पोल'
वीडियो में फोन पर हो रही बातचीत साफ सुनाई देती है. युवक की परेशानी देखकर पुलिस अधिकारी भी उसके साथ सहयोग करते नजर आते हैं. मम्मी की तरफ से सवाल किए जाने पर अधिकारी उन्हें शांत कराने की कोशिश करते हैं.
यही अंदाज सोशल मीडिया यूजर्स को काफी पसंद आ रहा है. लोगों का कहना है कि प्रदर्शन में पुलिस से बचने के बजाय युवक को घर पर मम्मी के सवालों से बचने की चिंता ज्यादा थी. युवक ने अपनी बात संभालने के लिए सीधे पुलिस अधिकारी को ही 'गवाह' बना दिया.
सोशल मीडिया पर यूजर्स के मजेदार कमेंट्स
वीडियो वायरल होने के बाद लोग तरह-तरह के मजेदार कमेंट्स कर रहे हैं. एक यूजर ने लिखा कि मम्मी से कभी झूठ नहीं बोलना चाहिए. दूसरे यूजर ने मजाक करते हुए कहा कि युवक सच ही बोल रहा था और शायद मम्मी उसकी बात मान भी गई होंगी.
एक अन्य यूजर ने लिखा कि अगर पुलिस अधिकारी ने फोन पर बात करने से मना कर दिया होता तो युवक की मुश्किल बढ़ जाती. फिलहाल यह वीडियो सोशल मीडिया पर लोगों का खूब मनोरंजन कर रहा है और प्रदर्शन के बीच हुई यह मजेदार घटना चर्चा में बनी हुई है.