'टॉप का जादूगर है ये बच्चा...', आनंद महिंद्रा भी हो गए इस नन्हें मैजिशियन के दीवाने, पोस्ट वायरल

उत्तराखंड के नैनीताल में एक नन्हा जादूगर इन दिनों चर्चा का केंद्र बना हुआ है. जिसकी काबिलियत देखने के बाद देश के बड़े उद्योगपति आनंद महिंद्रा ने उसकी मदद करने का फैसला किया है.

X (@anandmahindra)
Meenu Singh

कभी-कभी किसी की काबिलियत नापने के लिए मंच या उम्र मायने नहीं रखते हैं. उनका टैलेंट ही काफी होता है शोर मचाने के लिए. कभी कभी बड़े मंच या चमकदार स्टूडियो की नहीं, बल्कि एक सड़क किनारे खड़े छोटे से कलाकार की प्रतिभा ही लोगों का दिल जीत लेती है. ऐसे ही उत्तराखंड के नैनीताल में एक नन्हा जादूगर इन दिनों चर्चा का केंद्र बना हुआ है. 

अपनी मासूम मुस्कान, आत्मविश्वास और शानदार जादुई करतबों के दम पर इस बच्चे ने न सिर्फ पर्यटकों को प्रभावित किया है, बल्कि देश के बड़े उद्योगपतियों का ध्यान भी अपनी ओर खींच लिया है. अब नैनीताल की सड़कों पर जादू दिखाने वाले इस बच्चे का एक वीडियो हाल ही में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. मासूम की प्रस्तुति और कला ने लाखों लोगों को प्रभावित किया, जिसके बाद यह वीडियो इंटरनेट पर चर्चा का विषय बन गया. 

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ नन्हा जादूगर

दरअसल इन दोनों सोशल मीडिया पर एक वीडियो बहुत तेजी से वायरल हो रहा है. जिसमें वह नैनीताल की सड़कों के किनारे अपनी जादूगरी का प्रदर्शन कर रहा है. वह अपने करतब से पर्यटकों का ध्यान अपनी ओर खींच रहा है. 

आनंद महिंद्रा ने दिखाई दिलचस्पी

बच्चे की प्रतिभा से प्रभावित होकर उद्योगपति आनंद महिंद्रा ने भी उसका वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा किया. उन्होंने नन्हें जादूगर की कला की सराहना करते हुए उसके भविष्य को लेकर चिंता और उत्साह दोनों व्यक्त किए। महिंद्रा ने अपने पोस्ट में लिखा कि, 'यह बच्चा बहुत टैलेंटेड है. क्या वो अभी भी नैनीताल की सड़कों पर काम कर रहा है? मैं ना सिर्फ उसकी पढ़ाई में मदद करना चाहता हूं, बल्कि जादू में उसकी दिलचस्पी को भी मदद देना चाहता हूं।

मांगा माता-पिता का नंबर

आनंद महिंद्रा ने आगे अपने पोस्ट में बच्चे को दुनिया बेहतरीन जादुगर बनाने की बात कही है. उन्होंने लिखा कि, क्यों ना वो दुनिया के बेहतर जादूगरों में से एक बने? क्या कोई मुझसे और उसके माता-पिता से संपर्क करने में मदद कर सकता है?'