फ्रिज में गोमांस रखने का आरोप, MP में 11 घरों पर चल गया बुलडोजर

मध्य प्रदेश में जिन लोगों के घरों पर बुलडोजर चले हैं, उन पर गो तस्कर होने के आरोप हैं. आरोपी कथित तौर पर राज्यभर में गो तस्करी का रैकेट चलाते थे. उनके घरों में 100 से ज्यादा गायें मिली हैं. प्रशासन ने कुल 11 लोगों के घरों पर बुलडोजर चला दिया है. दावा किया जा रहा है कि उनके रेफ्रिजरेटर में गाय का मांस बरामद किया गया है. पुलिस केस की छानबीन में जुटी है. सैंपल को जांच के लिए हैदराबाद भेजा गया है.

Social Media
India Daily Live

मध्य प्रदेश के आदिवासी बाहुल इलाके मंडला में 11 लोगों के घरों पर बुलडोजर चला है. उनके घरों को ध्वस्त कर दिया गया है. जिन लोगों के घरों पर एक्शन हुआ है, उन पर आरोप है कि वे गो तस्करी करते थे और मांस का व्यापार करते थे. उन लोगों के घरों के फ्रिज में गोमांस मिला है, इस वजह से एक्शन लिया गया है.

मंडला के एसपी रजत सकलेचा का दावा है कि नैनपुर के भैनवाही इलाके में गायों को काटने के लिए बांधकर रखा गया है. पुलिस सीटम जब वहां पहुंची तो 150 से ज्यादा गाय वहां बंधी नजर आईं. सभी आरोपियों के घरों में रेफ्रिजरेटर से गाय का मांस भी बरामद किया गया है. उनके आसपास चर्बी, मवेशियों की खाल और हड्डियां मिली हैं. ये सभी कमरे में भरी हुई हैं. 

गिराए गए 11 घर, पकड़ा गया सिर्फ एक आरोपी

पुलिस की टीम ने गोमांस के होने की पुष्टी भी की है. पुलिस ने डीएनए एनालिसिस के लिए सैंपल भेजे हैं. दावा है कि ये सभी गोमांस ही है. प्रशासन ने कहा है कि घर इसलिए ध्वस्त किए गए हैं क्योंकि वे सरकारी जमीन पर बने थे, जिन्हें खाली करने का नोटिस पहले भी दिया जा चुका है.


गोतस्करी का केंद्र बना भैंसवाही

गोमांस और गाय की बरामदगी के बाद इस केस में शुक्रवार को एक FIR दर्ज की गई है. 10 अन्य आरोपियों की तलाश जारी है. गायों को गोशाला में सुरक्षित रखा गया है. पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों की क्रिमिनल हिस्ट्री रही है. मध्य प्रदेश में अगर कोई शख्स गोहत्या में शामिल रहता है तो उसे 7 साल की सजा हो सकती है. स्थानीय लोगों का कहना है कि भैंसवाही में ही गोतस्करी के मामले हाल के दिनों में ज्यादा बढ़ गए हैं. पुलिस केस की छानबीन में जुटी है. घटना के विस्तृत ब्यौरे की प्रतीक्षा है.