'इंसानियत बची भी या नहीं', ट्रक पलटने पर मदद के बजाय बकरी लूटने लगे राहगीर, वीडियो वायरल
उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले का एक वीडियो वायरल हो रहा है. जिसमें एक ट्रक पलटने के बाद उसमें ले जा रही बकरियां तीतर-बितर हो गई. वहां मौजूद स्थानीय लोग ऐसे में मदद करने के बजाय बकरियों की चोरी करने लगे.
उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में नेशनल हाईवे पर 200 से ज्यादा बकरियों को ले जा रहा एक ट्रक पलट गया. इस हादसे में चार लोग घायल हो गए, वहीं लगभग दो दर्जन बकरियों की मौत हो गई. यह घटना कोखराज पुलिस स्टेशन के इलाके में अंडवा टेढ़ी मोड़ के पास की बताई जा रही है.
वायरल हो रहे वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि घटनास्थल पर मौजूद लोग घायलों की मदद करने के बजाय कथित तौर पर बकरियां चुराने लगे. वीडियो के वायरल होने पर लोगों ने अपनी-अपनी प्रतिक्रियाएं दी हैं, जिसमें इंसानियत पर सवाल उठाए जा रहे हैं.
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि ट्रक कानपुर से प्रयागराज की ओर जा रहा था. इसी बीच दोपहर करीब 2:30 बजे अचानक ड्राइवर ने गाड़ी पर नियंत्रण खो दिया और बकरियों से लदा ट्रक सड़क के किनारे पलट गया.
ट्रक पलटने की वजह से उसके अंदर बैठे कई लोग फंस गए और बकरियां हाईवे पर इधर-उधर भागने लगी. पुलिस ने बताया कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि कई बकरियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गईं. वहीं घटना के बाद स्थानीय लोग वहां इकट्ठा हो गए, जिसके कारण पूरा रास्ता कुछ देर के लिए रुक गया. हादसे के बाद वहां मौजूद लोग बकरियों को लेकर भागने लगे.
यूजर्स ने की कड़ी आलोचना
वीडियो को देखकर कई यूजर्स बकरी उठाने वाले लोगों की आलोचना कर रहे हैं. यूजर्स द्वारा लोगों की संवेदनशीलता पर सवाल उठाए जा रहे हैं. लोगों ने कमेंट किया कि क्या समय आ गया है, लोग ऐसे समय में भी मदद करने के बजाय जानवरों को चोरी करने में व्यस्त हैं.
मिल रही जानकारी के मुताबिक घटना के कुछ देर बाद ही पुलिसकर्मी वहां पहुंचे और उन्होंने घायलों की मदद की. घायल लोगों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भेजा गया. बाद में अधिकारियों ने क्रेन की मदद से ट्रक को वहां से हटाया, जिसके बाद हाईवे पर लगा जाम खत्म हुआ. पुलिस ने बताया कि वायरल हो रहे वीडियो की जांच की जा रही है, ताकि बकरियां लूटने वालों की पहचान की जा सके.
और पढ़ें
- जैसलमेर में 500 गायों की सड़ी हुए लाशें देख कांप उठे लोग, डंपिंग यार्ड में बिखरे मिले शव; हालत देख फूट पड़ा लोगों का गुस्सा
- कोहली-हेड विवाद ने फिर पकड़ा तूल! मैच के बाद नो हैंडशेक, पत्नी जेसिका ने ऑनलाइन ट्रोलिंग पर जताई नाराजगी
- 'समझौते पर पहुंचने की जल्दबाजी न करें', ईरान के साथ शांति डील पर फिर बदले डोनाल्ड ट्रंप के सुर