Rakshabandhan 2026

परिवार के बीच अकेला खड़ा था जवान... कमांडर ने अचानक लगाया गले तो छलक पड़े आंसू- VIDEO VIRAL

इंडोनेशिया में आर्मी ट्रेनिंग पूरी करने के समारोह के दौरान एक जवान परिवार के बिना अकेला खड़ा था. कमांडर ने उसे गले लगाया तो जवान भावुक होकर रो पड़ा. वीडियो ने लोगों का दिल छू लिया.

Meenu Singh

सेना की ट्रेनिंग पूरी करने के बाद होने वाला समारोह हर जवान के लिए बेहद खास होता है. इंडोनेशिया में आयोजित ऐसे ही एक समारोह का वीडियो इन दिनों लोगों का ध्यान खींच रहा है. समारोह में दूसरे जवान अपने परिवार और दोस्तों के साथ खुशी मना रहे थे, लेकिन एक जवान अकेला खड़ा था. तभी उसके कमांडर की नजर उस पर पड़ी. कमांडर ने उसके पास जाकर उसे गले लगाया, जिसके बाद जवान अपने आंसू नहीं रोक सका.

परिवार के बीच अकेला नजर आया जवान

इंडोनेशियाई आर्मी के समारोह में ट्रेनिंग पूरी कर चुके जवान मैदान में मौजूद थे. उनके माता पिता और रिश्तेदार भी इस खास मौके पर पहुंचे थे. कोई परिवार के साथ तस्वीर ले रहा था, तो कोई अपनों से मिलकर खुशी बांट रहा था. इसी बीच एक जवान अपने आसपास किसी परिचित के बिना खड़ा दिखाई दिया. वह चुपचाप दूसरे जवानों और उनके परिवारों को देख रहा था.

कमांडर ने बिना कुछ पूछे लगाया गले

वायरल वीडियो में जवान को अकेले खड़ा देखकर कमांडर उसकी ओर बढ़ते दिखाई देते हैं. उन्होंने उससे लंबी बातचीत करने के बजाय सीधे उसे गले लगा लिया. ये पल जवान के लिए बेहद भावुक करने वाला था. वह तुरंत रोने लगा और कमांडर से लिपट गया. कमांडर भी काफी देर तक उसे थामे रहे. समारोह की खुशी के बीच यह दृश्य वहां मौजूद लोगों के लिए भी भावुक कर देने वाला बन गया.


एक गले में मिला परिवार जैसा सहारा

जवान की आंखों से लगातार आंसू निकलते रहे. सोशल मीडिया पर वीडियो साझा करने वाले एड्डी कार्टोनो के अनुसार, जवान अपने परिवार को याद कर रहा था. दूसरे सैनिकों को उनके माता पिता के साथ देखकर उसे भी अपनों की कमी महसूस हुई होगी. ऐसे समय में कमांडर का उसे गले लगाना उसके लिए भावनात्मक सहारा बन गया. इस छोटे से पल ने दिखाया कि वर्दी पहनने वाला जवान भी अपने परिवार और भावनाओं से जुड़ा इंसान होता है.

सोशल मीडिया पर कमांडर की हुई तारीफ

एड्डी कार्टोनो ने यह वीडियो इंस्टाग्राम पर साझा किया, जिसके बाद लोगों ने कमांडर के व्यवहार की जमकर सराहना की. कई लोगों ने कहा कि अधिकारी ने जवान के चेहरे पर छिपी उदासी को समझ लिया और उसे अकेला नहीं रहने दिया. यह समारोह इंडोनेशियाई आर्मी की फर्स्ट टीएनआई एडी एजुकेशन से जुड़ा था, जहां प्रशिक्षण पूरा करने के बाद जवान अपने सैन्य जीवन के नए दौर में प्रवेश करते हैं.