नई दिल्ली: जापान में रहने का खर्च भारत की तुलना में कितना ज्यादा हो सकता है, इसका अनुभव एक भारतीय कंटेंट क्रिएटर ने सोशल मीडिया पर साझा किया है. देव विजयवर्गीय नाम के युवक ने बताया कि जापान पहुंचे अभी 30 दिन भी पूरे नहीं हुए हैं, लेकिन उनके जरूरी खर्चों में करीब 1.50 लाख येन यानी लगभग 90 हजार रुपये खर्च हो चुके हैं. उन्होंने इसे करीब 1 लाख रुपये के खर्च के तौर पर बताया है.
देव ने इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए वीडियो में अपने लेटरबॉक्स से निकला 10वां बिल दिखाया. उन्होंने बताया कि जापान में रहने के दौरान किराया, बिजली, पानी, गैस, वाई-फाई, सिम और यात्रा जैसे खर्च लगातार जुड़ रहे हैं. महीने का पूरा समय भी नहीं बीता है और कई तरह के बिल उनके सामने आ चुके हैं.
देव के अनुभव में सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि अब तक खर्च हुए करीब 90 हजार रुपये में खाने और राशन का खर्च शामिल नहीं है. उनका कहना है कि रोजाना खाने का खर्च अभी अलग से जुड़ना बाकी है. ऐसे में महीने के अंत तक उनका कुल खर्च और बढ़ सकता है.
उन्होंने जापान और भारत में रोजमर्रा की खाने पीने की चीजों की कीमतों का अंतर भी बताया. उनके अनुसार जापान में एक लीटर दूध करीब 168 रुपये का मिलता है, जबकि भारत में इसकी कीमत करीब 50 रुपये बताई गई. इसी तरह जापान में ब्रेड का एक पैकेट करीब 100 रुपये का है, जबकि भारत में इसकी कीमत करीब 20 रुपये बताई गई.
देव ने बताया कि जापान में चार अंडों की कीमत करीब 120 रुपये है. वहीं दो प्याज करीब 150 रुपये में मिलते हैं. एक खरबूजे की कीमत उन्होंने करीब 350 रुपये बताई. इन कीमतों की तुलना भारत से करने पर रोजमर्रा के राशन का खर्च काफी ज्यादा दिखाई देता है.
हालांकि, देव ने जापान की केवल महंगाई पर बात नहीं की. उन्होंने यह भी बताया कि वहां मिलने वाली सैलरी भारत की तुलना में ज्यादा होती है. इसके अलावा साफ सफाई, सुरक्षा, शांत वातावरण और बेहतर सुविधाएं भी जापान की खासियत हैं.
सोशल मीडिया पर उनके अनुभव को लेकर लोगों ने अलग अलग प्रतिक्रियाएं दीं. कुछ लोगों ने माना कि जापान में रहने का खर्च काफी अधिक है, लेकिन बेहतर सुविधाओं और जीवनशैली के कारण यह खर्च कुछ हद तक उचित भी हो सकता है. वहीं विदेश जाने वाले लोगों के लिए यह अनुभव इस बात की याद दिलाता है कि किसी देश में नौकरी या रहने की योजना बनाने से पहले किराया, बिल, यात्रा और खाने समेत सभी खर्चों का बजट बनाना जरूरी है.