फुटबॉल मैच में लगी बेजुबान सीगल पक्षी को जानलेवा चोट, कप्तान ने CPR देकर बचाई जान, वीडियो देखकर सैल्यूट करने का करेगा मन

तुर्किये के इस्तांबुल में एक एमेच्योर फुटबॉल मैच के दौरान गेंद लगने से घायल हुए सीगल पक्षी को फुटबॉलर ने सीपीआर (CPR) देकर नया जीवन दिया. खिलाड़ी की इस सूझबूझ और संवेदनशीलता की सोशल मीडिया पर जमकर सराहना हो रही है.

X/@runews
Kanhaiya Kumar Jha

नई दिल्ली: खेल के मैदान से अक्सर जीत-हार और रोमांच की खबरें आती हैं, लेकिन कभी-कभी कुछ ऐसी घटनाएं घटती हैं जो मानवता की एक नई मिसाल पेश करती हैं. ऐसा ही एक हैरतअंगेज नजारा तुर्किये के इस्तांबुल में एक एमेच्योर फुटबॉल मैच के दौरान देखने को मिला. यहाँ एक फुटबॉलर ने अपनी त्वरित बुद्धि और करुणा का परिचय देते हुए एक मरते हुए सीगल पक्षी को 'लाइव' जीवनदान दे दिया. इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

यह घटना रविवार को इस्तांबुल युर्डम और मेवलानाकापी गुजेलहिसार के बीच खेले जा रहे मुकाबले के दौरान हुई. मैच के 22वें मिनट में युर्डम के गोलकीपर मुहम्मद उयानिक ने अपने पेनल्टी एरिया से एक जोरदार शॉट लगाया. बदकिस्मती से, उसी समय वहां से एक सीगल पक्षी उड़ रहा था और गेंद सीधे उसे जा लगी. गेंद की रफ्तार इतनी तेज थी कि पक्षी तुरंत बेसुध होकर मैदान पर गिर पड़ा. शुरुआत में गोलकीपर उयानिक को इसका अंदाजा नहीं हुआ, लेकिन जब उन्हें एहसास हुआ कि उनकी गेंद से एक बेजुबान घायल हो गया है, तो वे बेहद अफसोस में डूब गए.

कैप्टन गनी कैटन बने 'मसीहा' 

पक्षी के गिरते ही मैच को कुछ देर के लिए रोक दिया गया. तभी टीम के कप्तान गनी कैटन फुर्ती से पक्षी की ओर दौड़े. उन्होंने बिना समय गंवाए घायल सीगल को कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन (CPR) देना शुरू कर दिया. सीपीआर एक आपातकालीन प्रक्रिया है जो दिल की धड़कन रुकने पर दी जाती है. गनी कुछ पलों तक लगातार कोशिश करते रहे और देखते ही देखते चमत्कार हो गया, सीगल की आंखें और पैर हिलने लगे. मैदान पर मौजूद खिलाड़ी और दर्शक इस नजारे को देखकर दंग रह गए.

मैदान पर ही प्राथमिक उपचार

होश में आने के बाद खिलाड़ियों ने सीगल को पानी पिलाया और सावधानीपूर्वक उसे किनारे ले जाकर मेडिकल स्टाफ को सौंप दिया. गल्फ न्यूज के अनुसार, गनी कैटन ने बताया कि उनके पास प्राथमिक चिकित्सा की कोई औपचारिक ट्रेनिंग नहीं थी, उन्होंने बस उस बेजुबान की जान बचाने की कोशिश की. बाद में यह पुष्टि हुई कि गेंद लगने से पक्षी के पंख डैमेज हो गए थे, जिसके कारण वह उड़ नहीं पा रहा था. सोशल मीडिया पर एक यूजर ने लिखा, 'यह फुटबॉलर बड़े दिल वाला इंसान है', वहीं दूसरे ने इसे शानदार कार्य बताया.