menu-icon
India Daily

लखनऊ की भयंकर गर्मी में कुत्ते को कर दिया कार में बंद, वीडियो वायरल; लोगों में गुस्सा 

लखनऊ के पत्रकारपुरम मार्केट का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक कुत्ते को भरी गर्मी में बंद कार में छोड़ दिया गया. यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है…

Shilpa Shrivastava
लखनऊ की भयंकर गर्मी में कुत्ते को कर दिया कार में बंद, वीडियो वायरल; लोगों में गुस्सा 
Courtesy: X (@Benarasiyaa)

लखनऊ: यूपी के लखनऊ के पत्रकारपुरम मार्केट का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक कुत्ते को भरी गर्मी में बंद कार में छोड़ दिया गया. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिससे लोगों में भारी गुस्सा है. वीडियो में दिख रहा है कि कार के सभी शीशे बंद हैं और कुत्ता अंदर भौंक रहा है. बाहर तेज गर्मी पड़ रही थी. 

वीडियो बनाने वाले व्यक्ति ने बताया कि बंद कार के अंदर का तापमान बाहर से कहीं ज्यादा तेजी से बढ़ जाता है, जो जानवरों के लिए बहुत खतरनाक हो सकता है. मार्केट में मौजूद लोगों ने इस घटना को पशु क्रूरता बताया. कई लोगों ने कहा कि मालिक कुत्ते को इतनी गर्मी में बंद कार में कैसे छोड़ सकता है. कुछ लोगों ने मालिक की लापरवाही पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि अगर थोड़ी देर और गुजर जाती तो कुत्ते की जान जा सकती थी.

पुलिस ने की कार्रवाई:

वीडियो वायरल होने के बाद लखनऊ पुलिस ने मामले पर तुरंत संज्ञान लिया. पुलिस ने कहा कि गोमतीनगर थाने को इस मामले में जरूरी कार्रवाई करने के लिए सूचित कर दिया गया है. वहीं, पशु कल्याण विशेषज्ञ लगातार चेतावनी देते हैं कि गर्मी के मौसम में पालतू जानवरों को बंद कार में कभी नहीं छोड़ना चाहिए. बंद कार के अंदर तापमान बहुत तेजी से बढ़ जाता है. जानवरों को सांस लेने में तकलीफ होती है, डिहाइड्रेशन (पानी की कमी) हो सकता है और हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ जाता है.

क्या कहते हैं नियम?

भारत में पशु क्रूरता निवारण कानून के तहत जानवरों के साथ ऐसी लापरवाही करना दंडनीय अपराध है. विशेषज्ञों का कहना है कि अगर आपको कार से बाहर जाना हो तो कुत्ते या बिल्ली को किसी सुरक्षित और छायादार जगह पर छोड़ें या किसी को साथ ले जाएं.