कंधा देने वालों से लेकर पंडित तक... अब खुद बुक कर सकेंगे अपना अंतिम संस्कार, ₹6000 से बुकिंग स्टार्ट

दिल्ली के स्टार्टअप मोक्ष वॉयज ने अंतिम संस्कार की योजना पहले से बनाने की सुविधा शुरू की है. इसके पैकेज 6,000 रुपये से 1.5 लाख रुपये तक हैं.

Pinterest
Km Jaya

दिल्ली के एक स्टार्टअप ने अंतिम संस्कार की व्यवस्था को लेकर एक नई पहल शुरू की है. अब लोग अपनी मृत्यु के बाद होने वाले अंतिम संस्कार और धार्मिक रस्मों की तैयारी पहले से कर सकेंगे. इस सुविधा के तहत ₹6,000 से लेकर ₹1.5 लाख तक के पैकेज उपलब्ध कराए जा रहे हैं. स्टार्टअप की इस पहल ने सोशल मीडिया पर नई बहस छेड़ दी है.

आमतौर पर लोग शादी, घर, घूमने और भविष्य की आर्थिक योजनाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन अपने अंतिम संस्कार की योजना बनाना बहुत कम लोग सोचते हैं. दिल्ली स्थित स्टार्टअप 'मोक्ष वॉयज' (Moksh Voyage) इसी सोच को बदलने की कोशिश कर रहा है. यह स्टार्टअप लोगों को अपनी आखिरी यात्रा से जुड़ी व्यवस्थाएं पहले से तय करने का विकल्प दे रहा है.

अंतिम संस्कार से लेकर अस्थि विसर्जन तक की सुविधा

मोक्ष वॉयज का संचालन नमो गंगे वेलनेस प्राइवेट लिमिटेड की ओर से किया जा रहा है. कंपनी हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार अंतिम संस्कार से जुड़ी कई तरह की सेवाएं उपलब्ध कराती है. इसमें शव को श्मशान घाट तक ले जाने के लिए वाहन, अर्थी को कंधा देने वाले लोग, फूल, लकड़ी और पूजा सामग्री की व्यवस्था शामिल है.


इसके अलावा अंतिम संस्कार के लिए पंडित की व्यवस्था भी की जाती है, ताकि परिवार को धार्मिक रस्मों के लिए अलग-अलग जगहों पर भटकना न पड़े. कंपनी अस्थियां एकत्र करने और उनके विसर्जन में भी सहायता करती है. इसके लिए नाव और निर्धारित घाटों की व्यवस्था भी उपलब्ध कराई जाती है.

श्राद्ध और दूसरी धार्मिक रस्मों की भी व्यवस्था

स्टार्टअप की सेवाएं केवल अंतिम संस्कार तक सीमित नहीं हैं. कंपनी मृत्यु के बाद होने वाले श्राद्ध जैसे धार्मिक अनुष्ठानों के लिए भी व्यवस्था करती है. परिवार अपनी जरूरत और धार्मिक परंपराओं के अनुसार सेवाओं का चुनाव कर सकते हैं. इन सभी सुविधाओं के लिए अलग-अलग पैकेज तैयार किए गए हैं. उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, इनकी कीमत करीब 6,000 रुपये से शुरू होकर 1.5 लाख रुपये तक जाती है. पैकेज की कीमत इस बात पर निर्भर करती है कि परिवार को कितनी सुविधाएं और कौन-कौन से धार्मिक अनुष्ठान कराने हैं.

जिंदा रहते ही बुक कर सकेंगे अपना अंतिम संस्कार

मोक्ष वॉयज की सबसे खास सुविधा यह है कि कोई भी व्यक्ति अपनी मृत्यु से पहले ही अंतिम संस्कार की योजना बना सकता है. इसके तहत व्यक्ति पहले से तय कर सकता है कि उसकी अंतिम विदाई किस तरह हो, कौन-सी धार्मिक रस्में निभाई जाएं और किन सेवाओं की जरूरत होगी.

इस पहल का उद्देश्य परिवार के सदस्यों को मुश्किल समय में होने वाली भागदौड़ और फैसले लेने के दबाव से बचाना है. किसी करीबी की मृत्यु के बाद परिवार पहले ही दुख और भावनात्मक तनाव से गुजर रहा होता है. ऐसे में वाहन, पंडित, पूजा सामग्री और श्मशान से जुड़ी व्यवस्थाएं करना काफी चुनौतीपूर्ण हो सकता है.

सोशल मीडिया पर छिड़ी नई बहस

स्टार्टअप की यह पहल सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई है. कुछ लोगों ने इसे जरूरत के समय परिवार की मदद करने वाली उपयोगी सेवा बताया है. एक यूजर ने लिखा कि किसी करीबी की मृत्यु के समय परिवार के लोग मानसिक रूप से इन व्यवस्थाओं को संभालने की स्थिति में नहीं होते. खासकर बड़े शहरों में ऐसी सेवा पूरी प्रक्रिया को आसान बना सकती है. वहीं, एक अन्य यूजर ने मजाकिया अंदाज में लिखा, 'चलो अब मरने की चिंता नहीं रही मुझे... कंधा देने के लिए चार लोग मिल जाएंगे.'

फिलहाल मोक्ष वॉयज दिल्ली-एनसीआर समेत भारत के अन्य शहरों में अपनी सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रहा है. कंपनी ने इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर में भी अपनी सेवाओं का प्रदर्शन किया है. इस अनोखी पहल ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या आने वाले समय में लोग अपनी आखिरी विदाई की योजना भी शादी और अन्य बड़े आयोजनों की तरह पहले से बनाने लगेंगे.