ब्रेकअप बोलने की हिम्मत नहीं? अब कोई और करेगा ये काम, बदले में मिलेगी ₹2.8 लाख महीने की नौकरी
अगर किसी को अपने पार्टनर से ब्रेकअप करने में झिझक होती है, तो अब इसके लिए भी नौकरी निकली है. डेटिंग प्लेटफॉर्म Dating.com ने 'चीफ ब्रेकअप ऑफिसर' पद के लिए आवेदन मांगे हैं.
रिश्ते खत्म करना कई लोगों के लिए आसान नहीं होता. कई बार लोग सामने बैठकर ब्रेकअप की बात कहने से बचते हैं या बिना कुछ बताए रिश्ता खत्म कर देते हैं. इसी समस्या को देखते हुए एक डेटिंग प्लेटफॉर्म ने अनोखी नौकरी का ऐलान किया है. Dating.com ने 'चीफ ब्रेकअप ऑफिसर' नाम से नई वैकेंसी निकाली है. इस पद पर चुने गए व्यक्ति का काम दूसरों की ओर से उनके पार्टनर को सम्मानजनक तरीके से ब्रेकअप की जानकारी देना होगा. यह पूरी तरह वर्क फ्रॉम होम नौकरी है और इसके लिए आकर्षक वेतन भी तय किया गया है.
'चीफ ब्रेकअप ऑफिसर' के लिए निकली वैकेंसी
Dating.com ने 'Chief Breakup Officer (CBO)' पद के लिए भर्ती शुरू की है. इस पद पर चयनित उम्मीदवार को हर महीने 3,000 डॉलर, यानी लगभग 2.8 लाख रुपये का वेतन मिलेगा. कंपनी ने इसे पूरी तरह वर्क फ्रॉम होम पद बताया है.
क्या होगा इस नौकरी का जिम्मा?
चुने गए उम्मीदवार का मुख्य काम उन लोगों की ओर से उनके पार्टनर को यह बताना होगा कि रिश्ता अब समाप्त हो चुका है. कंपनी चाहती है कि यह बातचीत सम्मानजनक और संवेदनशील तरीके से हो, ताकि दोनों पक्षों के बीच अनावश्यक तनाव कम हो सके.
Also Read
इन योग्यताओं वाले उम्मीदवारों को मिलेगी प्राथमिकता
कंपनी के अनुसार उम्मीदवार के पास बेहतर कम्युनिकेशन स्किल, इमोशनल इंटेलिजेंस और आधुनिक डेटिंग संस्कृति की अच्छी समझ होनी चाहिए. साथ ही उसे यह भी समझना होगा कि कौन-सा ब्रेकअप आसान है, कौन जटिल और कौन बेहद संवेदनशील.
तीन ब्रेकअप का अनुभव भी बनेगा फायदा
Dating.com ने कहा है कि कम से कम तीन बार ब्रेकअप का अनुभव रखने वाले उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जाएगी. इसके अलावा रिलेशनशिप, सिचुएशनशिप और 'इट्स कॉम्प्लिकेटेड' जैसे रिश्तों के बीच अंतर समझने वालों को भी वरीयता मिलेगी.
घोस्टिंग की समस्या कम करना है उद्देश्य
कंपनी का कहना है कि इस पहल का मकसद 'घोस्टिंग' की बढ़ती समस्या को कम करना है, जिसमें लोग बिना कुछ बताए अचानक रिश्ता और संपर्क दोनों खत्म कर देते हैं. कंपनी के अनुसार एक सर्वे में Gen Z और Millennials के 84 प्रतिशत लोग किसी न किसी रिश्ते में घोस्टिंग का सामना कर चुके हैं. डेटिंग एक्सपर्ट जेमी ब्रॉन्स्टीन के मुताबिक, रिश्तों में ईमानदार संवाद और भावनात्मक जिम्मेदारी पहले से ज्यादा जरूरी हो गई है.