मेलबर्न में घर नहीं मिला तो कपल ने बदला प्लान, बोतलों से खड़ा कर दिया 7 करोड़ का ‘ड्रीम हाउस’
मेलबर्न में घर खरीदने में नाकाम रहे मैट एलिस और केट टकर ने तस्मानिया में जमीन लेकर अनोखा घर बनाया. करीब तीन साल में तैयार इस घर पर 8.8 लाख डॉलर खर्च हुए.
ऑस्ट्रेलिया के मैट एलिस और केट टकर के लिए अपना घर खरीदना आसान नहीं था. मेलबर्न में कई बार कोशिश के बावजूद कभी बढ़ती कीमतों तो कभी नीलामी में दूसरे खरीदारों के कारण उनका सपना पूरा नहीं हुआ. आखिर दोनों ने रास्ता बदल दिया. उन्होंने तस्मानिया के साइगनेट के पास 1.5 हेक्टेयर जमीन खरीदी और वहीं अपनी पसंद का घर बनाने की शुरुआत की. यह मकान आज अपनी अनोखी डिजाइन और पुरानी कांच की बोतलों वाली दीवारों के लिए चर्चा में है.
मेलबर्न की जगह चुना तस्मानिया
दोनों लंबे समय से ग्रामीण इलाके में रहने की इच्छा रखते थे, लेकिन मेलबर्न में दोस्तों और समुदाय से जुड़े रहना चाहते थे. महंगे प्रॉपर्टी बाजार ने उनकी राह मुश्किल कर दी. कई बार बोली लगाने के बावजूद उन्हें घर नहीं मिला. आखिरकार उन्होंने तैयार मकान की तलाश छोड़कर जमीन खरीदने का फैसला किया. साइगनेट के पास मिली 1.5 हेक्टेयर जमीन के लिए उन्होंने 3.3 लाख डॉलर चुकाए.
बोतलों से बनी दीवारों ने बदला लुक
मैट और केट ने अर्थशिप के सिद्धांतों से प्रेरणा लेकर अपना घर तैयार किया. इसमें पुरानी कांच की बोतलों को दीवारों के हिस्से के तौर पर लगाया गया. बोतलों से गुजरने वाली रोशनी अंदर अलग माहौल बनाती है. रैम्ड अर्थ की मोटी दीवारें भी घर का अहम हिस्सा हैं. इसके साथ उत्तर दिशा वाली खिड़कियां और ग्रीनहाउस बनाया गया, जिससे घर को आधुनिक रूप भी मिला.
Also Read
तीन साल में बढ़ता गया खर्च
शुरुआत में अनुमान था कि निर्माण पर करीब 6 लाख डॉलर लगेंगे, लेकिन प्रोजेक्ट आगे बढ़ने के साथ खर्च बढ़ता गया. काम की अगुवाई कर रहे कारपेंटर के गंभीर रूप से बीमार पड़ने से निर्माण प्रभावित हुआ. इसके बाद कई हफ्तों तक हुई बारिश ने भी काम की रफ्तार कम कर दी. करीब तीन साल बाद जुलाई 2025 में घर पूरा हुआ और अंतिम लागत 8.8 लाख डॉलर तक पहुंच गई.
वॉलंटियर्स ने भी थामा हाथ
निर्माण के दौरान कपल को अर्थशिप कम्युनिटी का साथ मिला. एक वर्कशॉप के जरिए वॉलंटियर्स घर बनाने पहुंचे और करीब एक सप्ताह तक कॉब वॉल्स, बोतल ब्रिक्स समेत कई काम किए. अर्थशिप डिजाइन में प्राकृतिक संसाधनों और रीसायकल्ड सामग्री के इस्तेमाल पर जोर रहता है. मैट और केट के लिए यह मकान सिर्फ रहने की जगह नहीं, बल्कि उनकी सोच और जरूरतों के अनुरूप बनाया गया खास प्रोजेक्ट है.