'तुम लोग हलाला की औलाद हो...', दिल्ली वालों को मतलबपरस्त बताने पर हुआ झगड़ा, कैब ड्राइवर ने रास्ते में उतारा
Viral Video: सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो के आधार पर दावा किया जा रहा है कि ऊबर कैब के एक ड्राइवर ने एक लड़की और उसके दोस्त को बीच रास्ते में ही उतार दिया क्योंकि वे हिंदुस्तान की बुराई कर रहे थे. इसको लेकर लड़की ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट भी किया था लेकिन अब उसने अपना सोशल मीडिया अकाउंट ही बंद कर दिया है. फिलहाल, ऊबर या दिल्ली पुलिस की ओर से इस पर कोई जवाब नहीं आया है.
देश की राजधानी दिल्ली से आया एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. रिपोर्ट के मुताबिक, ऊबर कैब के एक ड्राइवर ने अपने पैसेंजर्स को बीच रास्ते में ही उतार दिया. दावा किया जा रहा है कि इस कैब में बैठे लोग 'भारत विरोधी' बातें कर रहे थे जिस पर ड्राइवर ने आपत्ति दर्ज कराई. इसी को लेकर बहस हुई और ड्राइवर ने दोनों को रास्ते में ही छोड़ दिया. आरोप लगाने वाली लड़की ने इसके बारे में सोशल मीडिया पर पोस्ट भी किया था लेकिन बाद में अपने सभी सोशल मीडिया अकाउंट बंद कर दिए. वीडियो के आधार पर यह भी दावा किया जा रहा है कि पीछे बैठा शख्स पाकिस्तानी नागरिक था और उसके साथ बैठी लड़की उसकी हिंदुस्तानी प्रेमिका थी.
लड़की की सोशल मीडिया पोस्ट के मुताबिक, यह घटना शुक्रवार की है. कात्यायिनी पंत नाम की लड़की ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में इस घटना के बारे में अपना पक्ष रखा था. हालांकि, वीडियो सामने आने और ट्रोल किए जाने के बाद कात्यायिनी ने अपना इंस्टाग्राम, फेसबुक और ट्विटर अकाउंटर बंद कर दिया है. अब वह वीडियो वायरल है जिसमें कात्यायिनी और ऊबर ड्राइवर की बहस हो रही है. ड्राइवर ने इन लोगों को गालियां दीं और रास्ते में ही छोड़कर चला गया.
लड़की ने क्या बताया?
कात्यायिनी ने अपनी पोस्ट में लिखा था, 'एक कार्यक्रम के दौरान मिले दोस्त के साथ मैं कैब से लौट रही थी. वह अपने परिवार के बारे में बता रहा था कि कैसे वे लोग पाकिस्तान में रहते हैं और कभी-कभी ऑडियो या वीडियो कॉल करते हैं. वह पिछली बार बहुत समय पहले पाकिस्तान गया था. उसने कहा कि उसे वहां की बोली और तहज़ीब पसंद है और दिल्ली के लोग थोड़े मतलबपरस्त होते हैं. ड्राइवर सर यह सब सुन रहे थे. अचानक उन्हें हमें पाकिस्तानी बताकर रास्ते में उतार दिया और पूरे पैसे ले लिए.'
उनकी पोस्ट के मुताबिक, ड्राइवर ने कहा, 'जो करना है करो, एफआईआर करो, शिकायत करो, पाकिस्तानियों को मैं कहीं लेकर नहीं जाऊंगा. तुम्हारी शिकायत तो मैं करता हूं. जब हम लोग जाने लगे तो उसने कहा कि पाकिस्तानियों पैसे देकर जाओ.' वीडियो में देखा जा सकता है कि पहले कार के अंदर ही ड्राइवर और इन पैसेंजर्स के बीच बहस होती है. इस पर लड़की का कहना था, 'हम तो दिल्ली के बारे में कह रहे हैं, यही बात मुंबई वाले लोग बोलते हैं तब आप बुरा नहीं मानते.'
नहीं आया कोई जवाब
कार में हो रही बहस के दौरान ड्राइवर का कहना था, 'मैं सुन रहा हूं कि आप लोग जो कह रहे हैं वो ठीक नहीं, दिल्ली या हिंदुस्तान की इंसल्ट सुनना मैं बर्दास्थ नहीं कर सकता.' कार से उतारने के बाद ड्राइवर कहता है, 'गो टू हेल, ये तुम्हारा पाकिस्तान नहीं है. ये हिंदुस्तान है. तुम हलाला ही औलाद हो.' इस बारे में अभी तक दिल्ली पुलिस या ऊबर इंडिया की ओर से कोई जवाब नहीं आया है. घटना के बाद से ड्राइवर का बयान भी सामने नहीं आया है.