पेट्रोल पंप पर खड़े युवक को ट्रैक्टर से कुचलने की कोशिश, CCTV में कैद हुई पूरी घटना

राजस्थान के पिंगुन गांव में पैसों के लेन-देन को लेकर हुए विवाद के बाद एक युवक पर ट्रैक्टर चढ़ाने की कथित कोशिश का मामला सामने आया है. घटना पेट्रोल पंप पर लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई.

X ( @Deadlykalesh)
Shanu Sharma

राजस्थान के पिंगुन गांव में 20 सितंबर को एक पेट्रोल पंप पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक ट्रैक्टर चालक ने कथित तौर पर एक युवक को कुचलने की कोशिश की. घटना का CCTV फुटेज अब सामने आया है.

जानकारी के मतुाबिक सुरेश गुर्जर अपनी मोटरसाइकिल से पेट्रोल पंप पहुंचा था. वह बाइक से उतरकर पेट्रोल भरवा रहा था. इसी दौरान वहां पहले से मौजूद शैतान गुर्जर ने कथित तौर पर सुरेश को देखा और अपना ट्रैक्टर उसकी दिशा में मोड़ दिया.

भागकर बचाई जान, बाइक को मारी टक्कर

CCTV फुटेज में देखा जा सकता है कि ट्रैक्टर तेजी से सुरेश की ओर बढ़ता है. खतरा भांपकर सुरेश वहां से भागकर अपनी जान बचाने में कामयाब रहा. इसके बाद ट्रैक्टर ने उसकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी और उसे क्षतिग्रस्त कर दिया. बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर चालक इसके बाद भी रुका नहीं और पेट्रोल पंप की इमारत की ओर बढ़ता रहा. सुरेश ने अंदर जाकर खुद को बचाया. कुछ देर तक वहां रहने के बाद आरोपी ट्रैक्टर लेकर मौके से चला गया. पुलिस के अनुसार घटना शाम करीब 4:35 बजे हुई थी.


पुलिस की शुरुआती जांच में घटना के पीछे दोनों के बीच पैसों के लेन-देन को लेकर चल रहा विवाद सामने आया है. बताया गया है कि घटना से करीब दो-तीन दिन पहले भी सुरेश और शैतान के बीच इसी मुद्दे पर विवाद हुआ था. पुलिस के मुताबिक, पिछली बहस के दौरान दोनों के बीच मारपीट भी हुई थी. जांच में यह आशंका सामने आई है कि इसी विवाद के बाद आरोपी ने कथित तौर पर सुरेश पर हमला करने की कोशिश की.

शिकायत के बाद आरोपी हिरासत में

नरायणा पुलिस स्टेशन के अधिकारी उमराव सिंह के मुताबिक, सुरेश के थाने पहुंचकर शिकायत देने के बाद पुलिस को घटना की जानकारी मिली. उसकी शिकायत के आधार पर शैतान गुर्जर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. पुलिस अधिकारी ने बताया कि शुरुआती तौर पर मामला पैसों के लेन-देन से जुड़ा प्रतीत हो रहा है. आरोपी ट्रैक्टर चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस अब CCTV फुटेज और घटनाक्रम से जुड़े अन्य तथ्यों के आधार पर जांच कर रही है. जांच पूरी होने के बाद ही घटना के पीछे की पूरी वजह और हमले की परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी.