'नीचे उतरने का मन था...', बीच हवा में फ्लाइट से कूदने की कोशिश कर रहा था शख्स, वीडियो वायरल

अमेरिका के एक यात्री ने बीच आसमान में फ्लाइट के इमरजेंसी एग्जिट गेट को खोलकर कूदने की कोशिश की. जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस घटना को लेकर लोगों ने अपनी प्रतिक्रियाएं दी हैं.

AI
Shanu Sharma

सोशल मीडिया पर हर दिन कुछ नया देखने को मिलता है. जिसमें से कुछ घटनाएं काफी अजीब और हैरान कर देने वाली होती हैं. ऐसी ही एक घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. जिसमें एक व्यक्ति हवा में उड़ रही फ्लाइट के इमरजेंसी एग्जिट गेट खोलकर कूदने की कोशिश करता है. हालांकि, वहां मौजूद अन्य यात्री उसे पकड़ लेते हैं.

मिल रही जानकारी के मुताबिक यह घटना रविवार 31 मई की है. फ्लाइट संख्या 3345 सैन जुआन से शिकागो के ओ हेयर एयरपोर्ट जा रही थी. इसी दौरान एक यात्री ने अचानक इमरजेंसी गेट खोलने की कोशिश शुरू कर दी और कहा कि उसे नीचे उतरना है. फ्लाइट में हंगामा मचने के बाद विमान को बीच रास्ते में मोड़ना पड़ा.

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

मिल  रही जानकारी के मुताबिक पहले फ्लाइट अटेंडेंट ने उसे समझाने की कोशिश की. लेकिन वह समझा नहीं और पायलट के केबिन में घुसने की कोशिश करने लगा. इतना ही नहीं उस व्यक्ति ने एक ऑफ-ड्यूटी फ्लाइट अटेंडेंट का गला घोंटने की कोशिश भी की. हालांकि फ्लाइट में मौजूद ने अन्य यात्रियों की मदद से उसे पकड़ा गया और केबिन क्रू की सूचना पर फ्लाइट को प्यूर्टो रिको से मोड़कर मियामी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर उतारा गया. मिल रही जानकारी के मुताबिक फ्लाइट रात 11:55 बजे सुरक्षित रूप से लैंड कर पाई.

इस व्यक्ति ने संभाला सिचुएशन

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में उसे कंट्रोल करते नजर आ रहे व्यक्ति का नाम जोश लॉन्गुड बताया जा रहा है. वह एक प्रोफेशनल MMA फाइटर और ब्राजीलियन जिउ-जीत्सू ब्लैक बेल्ट धारक हैं. उनकी कुशलता और फुर्ती ने स्थिति को तेजी से संभाल लिया. हाथ बंधे होने के बावजूद उग्र यात्री लगातार छूटने की कोशिश करता दिख रहा है, लेकिन जोश की मजबूत पकड़ ने उसे हिलने भी नहीं दिया.

इस घटना पर सोशल मीडिया यूजर्स अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं. एक व्यक्ति ने जोश की तारीफ करते हुए कहा कि जिउ-जीत्सू और कुश्ती जैसी कला जीवन में कितनी उपयोगी हो सकती है. वहीं दूसरे यूजर ने लिखा कि जिउ-जीत्सू को जीवन के लिए उपयोगी साधन मानने का एक और कारण मिल गया. शुक्र है कि सब सुरक्षित हैं.