घर की पूजा छूटी तो 35 हजार फीट ऊपर दर्शन देने पहुंचे बप्पा- VIDEO VIRAL

एयर इंडिया की केबिन क्रू सदस्य अनुराधा सोनी घर पर गणपति पूजा में शामिल नहीं हो सकीं, लेकिन फ्लाइट में एक यात्री मूर्ति लेकर पहुंचा. आसमान में हुई पूजा ने उनके लिए यादगार पल बना दिया.

Social Media
Meenu Singh

कभी-कभी जिंदगी में कोई छोटा सा संयोग ऐसा अनुभव दे जाता है, जिसे लंबे समय तक भुलाना मुश्किल होता है. एयर इंडिया की केबिन क्रू सदस्य अनुराधा सोनी के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ. ड्यूटी शेड्यूल में आखिरी समय पर बदलाव के कारण वह घर पर होने वाली गणपति पूजा में शामिल नहीं हो पाईं. उन्हें इस बात का मलाल था, लेकिन उड़ान के दौरान अचानक ऐसा हुआ, जिसकी उन्होंने कल्पना भी नहीं की थी. एक यात्री विमान में गणपति की मूर्ति लेकर पहुंचा और माहौल बदल गया.

घर की पूजा छूटने से थीं मायूस

अनुराधा सोनी ने सोशल मीडिया पर बताया कि फ्लाइट की तारीख में अंतिम समय पर बदलाव होने के चलते वह घर पर गणपति पूजा नहीं कर सकीं. शुरुआत में उन्हें काफी दुख हुआ, क्योंकि वह इस खास मौके पर परिवार के साथ रहना चाहती थीं. हालांकि, उन्हें तब बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि उनकी ड्यूटी के दौरान ही गणपति से जुड़ा एक अनोखा पल उनका इंतजार कर रहा है.


35 हजार फीट ऊपर हुआ खास संयोग

उड़ान के दौरान एक मेहमान गणपति की मूर्ति लेकर विमान में पहुंचा. खास बात यह रही कि मूर्ति ठीक उसी समय आई, जब गणपति पूजा का समय था. अनुराधा ने इस मौके को हाथ से नहीं जाने दिया. उन्होंने विमान में ही पूजा की और प्रार्थना की. उनके लिए यह अनुभव इसलिए भी खास था, क्योंकि घर से दूर रहते हुए भी उन्हें पूजा करने का अवसर मिल गया.

साथियों के चेहरों पर दिखी खुशी

सोनी ने इस अनुभव को अपने लिए बप्पा का खास आशीर्वाद बताया. उनका कहना था कि उस समय उन्हें ऐसा महसूस हुआ जैसे गणपति उन्हें यह भरोसा दिला रहे हों कि वह हर जगह उनके साथ हैं. वीडियो में वह विमान के भीतर मूर्ति का स्वागत करती और पूजा करती दिखाई दे रही हैं. उनके सहकर्मी भी इस पूरे दृश्य को मुस्कुराते हुए देखते नजर आए.

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

अनुराधा सोनी ने इस पल को अपने इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए साझा किया. उन्होंने इसे एक खूबसूरत और यादगार अनुभव बताया, जिसके लिए वह बप्पा की आभारी हैं. पोस्ट किए गए वीडियो को सोशल मीडिया पर जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली है. रिपोर्ट के मुताबिक, इसे इंस्टाग्राम पर अब तक 65 लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है. इस वीडियो ने कई लोगों का ध्यान खींचा और पूजा से जुड़े इस अनोखे संयोग की चर्चा होने लगी.