फ्लाईदुबई फ्लाइट में पायलटों के बीच झगड़ा? हाईजैक अलर्ट के बाद सऊदी में लैंडिंग

दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की FZ1073 फ्लाइट में हवा के बीच पायलटों के बीच हिंसक झड़प की सूचना से हड़कंप मच गया. विमान से इमरजेंसी सिग्नल मिलने के बाद संभावित हाईजैक की आशंका पैदा हुई और विमान को सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट पर उतारा गया.

Shanu Sharma

दुबई से तेल अवीव के लिए बोइंग 737 MAX 8 विमान बुधवार को रवाना हुआ था. उड़ान के दौरान कॉकपिट में दोनों पायलटों के बीच कथित तौर पर हाथापाई हुई. इसी दौरान विमान ने इमरजेंसी संकेत भेजे. कुछ समय के लिए विमान की ऊंचाई में भी तेज बदलाव दर्ज किया गया. घटना के बाद संभावित हाईजैक की आशंका को देखते हुए इजरायल ने अपने लड़ाकू विमान भी सक्रिय किए. हालांकि, बाद की जानकारी में अधिकारियों ने घटना को पायलटों के बीच हुई झड़प से जुड़ा बताया और पूरे मामले की जांच जारी है.

रिपोर्टों के मुताबिक, झड़प में दोनों पायलट घायल हुए. कुछ यात्रियों और क्रू सदस्यों के कॉकपिट तक पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने में मदद करने की बात भी सामने आई है. विमान में मौजूद एक दूसरी टीम के पायलटों ने भी विमान को सुरक्षित उतारने में भूमिका निभाई. घटना के बाद फ्लाइट को सऊदी अरब के तबुक की ओर मोड़ा गया, जहां विमान ने सुरक्षित लैंडिंग की. फ्लाईदुबई ने भी घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि विमान सुरक्षित उतर गया और सभी यात्री सुरक्षित हैं. दोनों घायल पायलटों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया. मामले की वास्तविक वजह और घटनाक्रम की जांच अभी जारी है.