'मुझे अरेस्ट कराना BJP का सेल्फ गोल, इस्तीफे का तो सवाल ही नहीं...'- केजरीवाल
Arvind Kejriwal: आम आदमी पार्टी (AAP) के मुखिया अरविंद केजरीवाल ने इंडिया डेली लाइव को दिए एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में कहा है कि उनके खिलाफ कोई सबूत नहीं मिला है, जिसका मतलब है कि उन्हें और उनके साथियों को झूठे केस में फंसाया गया है.
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल इन दिनों अंतरिम जमानत पर जेल से बाहर आए हैं. चुनाव प्रचार में व्यस्त अरविंद केजरीवाल ने इंडिया डेली लाइव से एक्स्लूसिव बातचीत में एक बार फिर दावा किया कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) को उनके खिलाफ कोई सबूत नहीं मिला है. अरविंद केजरीवाल ने कहा कि अगर कोई उनसे दो महीने पहले पूछता तो वह कहते कि दिल्ली में एक या दो सीटें जीतेंगे लेकिन अब उनका मानना है कि उन्हें गिरफ्तार करवाकर बीजेपी ने सेल्फ गोल कर लिया है. केजरीवाल ने यह भी कहा कि सीएम पद से इस्तीफा देने का तो कोई सवाल ही नहीं है, वह जेल से ही सरकार चलाते रहेंगे.
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि सबूत न मिलने का मतलब यह है कि उन्हें और उनकी आम आदमी पार्टी (AAP) के नेताओं को झूठे केस में फंसाया गया है. अरविंद केजरीवाल को सुप्रीम कोर्ट ने 1 जून तक के लिए अंतरिम जमानत दी है. 2 जून को उन्हें जेल लौटना होगा. इस बीच अरविंद केजरीवाल दावा कर रहे हैं कि अगर INDIA गठबंधन की सरकार बन गई तो उन्हें जेल नहीं जाना पड़ेगा.
अरविंद केजरीवाल ने कहा, 'अब सेहत ठीक है लेकिन वेट लॉस काफी ज्यादा हो गया. एक-डेढ़ महीने में सात किलो वजन कम हो गया. अब पार्टी भी अच्छी है. एक समय पर हमारे चार शीर्ष नेता जेल में थे लेकिन हमारी पार्टी की सेकेंड लाइन की लीडरशिप ने काफी अच्छे से संभाला. अब आप मुझसे दो महीने पहले पूछते तो शायद मैं एक-दो ही कहता लेकिन जिस तरह से इन लोगों ने मुझे झूठे केस में गिरफ्तार किया, उसके बाद मैं कहूंगा कि अब लोगों का गुस्सा वोट में दिखेगा.'
'PM मोदी साफ करें कि वह 75 साल वाला नियम खुद पर लागू नहीं करेंगे'
प्रधानमंत्री के रिटायरमेंट वाले बयान पर अरविंद केजरीवाल ने कहा, 'यह तो इनकी पार्टी ही कह रही है. खुद पीएम मोदी ने ही रूल बनाया था कि जो 75 साल का हो जाएगा, वह रिटायर हो जाएगा. इनके नेताओं के वीडियो हैं. उसी के तहत आडवाणी जी को हटाया गया, मुरली मनोहर जोशी जी को हटाया गया तो जाहिर सी बात है कि जो सबसे बड़े नेता हैं, वह अपने ऊपर भी उसे लागू करेंगे. या वह ये कह दें कि वह इस नियम को खुद पर लागू नहीं करेंगे.'
आबकारी नीति मामले में अरविंद केजरीवाल ने कहा कि ये लोग 1100 करोड़ रुपये का दावा करते हैं कि कहीं पर दो करोड़ रुपये भी नहीं मिले. केजरीवाल ने कहा, 'प्रधानमंत्री जी कहते हैं कि केजरीवाल अनुभवी चोर है इसीलिए उसके खिलाफ कोई सबूत नहीं मिलता. इसका मतलब है कि पीएम ने खुद कबूल कर लिया कि कोई सबूत नहीं मिला. यही बता रहा है कि हमें झूठे केस में गिरफ्तार किया है.'
'ये लोग कुछ भी कर सकते हैं'
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि ये लोग कुछ भी कर सकते हैं लेकिन जनता कुछ होने नहीं देगी. उन्होंने आगे कहा, 'पहली बार एक ऐसी पार्टी आई है जो लोगों को दवा दे रही है, इलाज करवा रही है, उनके लिए स्कूल बना रही है. इन लोगों ने हमें क्रश करने की कोशिश की लेकिन हमें अगर आज जिंदा हैं और सांस ले पा रहे हैं तो उसका मतलब है कि ईश्वर की कृपा है.'