Commonwealth Games 2026

आपकी एक गलती किसी की जान पर पड़ सकती है भारी, हाई बीम को लेकर ट्रैफिक पुलिस ने दी ये चेतावनी

यूपी ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों को शहरों में हाई बीम के उपयोग से बचने की सलाह दी है. पुलिस के अनुसार हाई बीम सामने से आने वाले चालकों की दृष्टि प्रभावित कर दुर्घटनाओं का कारण बन सकती है.

Pinterest
Km Jaya

नई दिल्ली: रात के समय वाहन चलाते वक्त हेडलाइट का सही इस्तेमाल सड़क सुरक्षा के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है. इसी को लेकर उत्तर प्रदेश यातायात पुलिस ने वाहन चालकों को हाई बीम के उपयोग को लेकर महत्वपूर्ण चेतावनी जारी की है. पुलिस का कहना है कि शहरों में अनावश्यक रूप से हाई बीम का इस्तेमाल अन्य वाहन चालकों के लिए खतरा बन सकता है और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ा सकता है.

ट्रैफिक पुलिस के अनुसार कई लोग रात में वाहन चलाते समय लगातार हाई बीम का उपयोग करते हैं. हालांकि हाई बीम का उद्देश्य लंबी दूरी तक सड़क को स्पष्ट दिखाना होता है लेकिन इसका इस्तेमाल मुख्य रूप से अंधेरी सड़कों, हाईवे और कम रोशनी वाले क्षेत्रों में किया जाना चाहिए. 


कैसे पड़ता है इसका असर?

शहरों और घनी आबादी वाले इलाकों में इसका उपयोग सामने से आने वाले वाहन चालकों की आंखों पर सीधा प्रभाव डालता है. तेज रोशनी के कारण कुछ सेकंड के लिए चालक की दृष्टि प्रभावित हो सकती है. इस दौरान सड़क पर मौजूद वाहन, पैदल यात्री, डिवाइडर या अन्य बाधाएं स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं देतीं. यही कुछ सेकंड गंभीर दुर्घटनाओं का कारण बन सकते हैं.

दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह स्थिति और भी ज्यादा जोखिम भरी मानी जाती है. तेज रोशनी के कारण उन्हें सड़क की वास्तविक स्थिति समझने में कठिनाई हो सकती है. कई बार चालक दूरी और गति का सही अनुमान नहीं लगा पाता, जिससे टक्कर की संभावना बढ़ जाती है.

यूपी ट्रैफिक पुलिस ने क्या दिया संदेश?

यूपी ट्रैफिक पुलिस ने अपने जागरूकता संदेश में लोगों से अपील की है कि शहरों में वाहन चलाते समय लो बीम का इस्तेमाल करें. पुलिस का कहना है कि यह न केवल आपकी सुरक्षा सुनिश्चित करता है, बल्कि अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं को भी सुरक्षित रखता है.

कैसे बरतें सावधानी?

सड़क सुरक्षा विशेषज्ञों के अनुसार यदि सामने से कोई वाहन आ रहा हो तो तुरंत हाई बीम को लो बीम में बदल देना चाहिए. इसके अलावा वाहन की हेडलाइट की नियमित जांच भी जरूरी है ताकि रोशनी का स्तर निर्धारित मानकों के अनुरूप बना रहे.

पुलिस ने अपने संदेश में लोगों को यातायात नियमों का पालन करने की भी सलाह दी है. संदेश में कहा गया है कि सड़क पर जिम्मेदारी से वाहन चलाना हर चालक का कर्तव्य है. एक छोटी सी सावधानी कई लोगों की जान बचा सकती है. इसलिए अगली बार जब आप रात में वाहन चलाएं तो हेडलाइट का सही उपयोग जरूर करें और सुरक्षित यात्रा को प्राथमिकता दें.