KYC के नाम पर कहीं खाली न हो जाए अकाउंट, RBI ने किया सतर्क; ठगी से बचने के लिए याद रखें ये 3 नियम
RBI ने KYC अपडेट के नाम पर होने वाली ऑनलाइन ठगी से सावधान रहने की सलाह दी है. किसी भी संदेश की पुष्टि आधिकारिक बैंक माध्यमों से ही करनी चाहिए.
नई दिल्ली: RBI ने KYC अपडेट के नाम पर होने वाली साइबर ठगी को लेकर ग्राहकों को सतर्क किया है. इन दिनों लोगों को ऐसे मैसेज और कॉल मिल रहे हैं, जिनमें KYC अपडेट नहीं करने पर बैंक खाता बंद या ब्लॉक होने की चेतावनी दी जाती है. RBI ने ग्राहकों को ऐसे फर्जी मैसेज, कॉल और लिंक से सावधान रहने की सलाह दी है.
डिजिटल बैंकिंग के बढ़ते इस्तेमाल के साथ साइबर ठगी के मामले भी सामने आ रहे हैं. ठग KYC अपडेट के नाम पर लोगों को डराते हैं और तुरंत कार्रवाई करने के लिए कहते हैं. इसके बाद उन्हें एक लिंक भेजकर बैंकिंग जानकारी हासिल करने की कोशिश की जाती है.
कैसे होती है KYC के नाम पर ठगी?
ठग मैसेज या फोन के जरिए ग्राहकों से कहते हैं कि उनका KYC अपडेट नहीं है और जल्द प्रक्रिया पूरी नहीं करने पर खाता बंद हो जाएगा. इसके बाद एक संदिग्ध लिंक भेजा जाता है. लिंक पर क्लिक करने के बाद ग्राहक से OTP, कार्ड की जानकारी, PIN या इंटरनेट बैंकिंग से जुड़ी गोपनीय जानकारी मांगी जा सकती है.
Also Read
पहला नियम:
अगर KYC अपडेट के नाम पर कोई मैसेज या कॉल आए और तुरंत कार्रवाई करने का दबाव बनाया जाए, तो पहले रुकें. घबराकर किसी लिंक पर क्लिक न करें. बैंकिंग जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें.
दूसरा नियम:
मैसेज या कॉल को तुरंत सही न मानें. KYC से जुड़ी जानकारी की पुष्टि अपने बैंक या NBFC की आधिकारिक वेबसाइट, मोबाइल एप या हेल्पलाइन से करें. किसी संदिग्ध लिंक के जरिए KYC अपडेट करने से बचें.
तीसरा नियम:
अनजान लिंक पर क्लिक न करें और OTP, ATM या डेबिट कार्ड PIN, इंटरनेट बैंकिंग पासवर्ड जैसी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें. अगर मैसेज संदिग्ध लगे तो सीधे अपने बैंक या NBFC से संपर्क कर उसकी पुष्टि करें.
RBI की सलाह का मूल संदेश साफ है. KYC अपडेट के नाम पर आए किसी भी संदेश पर जल्दबाजी में भरोसा न करें. रुकें, सोचें और फिर सुरक्षित तरीके से कार्य करें. यही साइबर ठगी से बचने का आसान तरीका है.